बरेली: जबरन बनाना चाहती थी संबंध, इसलिए देवर ने कर दी हत्या
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर में महिला की हत्या के आरोपी देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने भाभी पर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए हत्या की बात कबूली है। उसने बताया कि उसने पहले शराब पी और फिर भाभी की हत्या करने की बात सोचकर घर पहुंचा और …
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर में महिला की हत्या के आरोपी देवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने भाभी पर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए हत्या की बात कबूली है। उसने बताया कि उसने पहले शराब पी और फिर भाभी की हत्या करने की बात सोचकर घर पहुंचा और सिलबट्टे से उसके सिर पर तब तक प्रहार किए जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। उसके मरने के बाद वह वहां से भागकर दिल्ली चला गया।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र की शांति विहार कालोनी में नितिन अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहता था। नौकरी के सिलसिले में वह कासगंज गया हुआ था। उसके साथ नितिन का भाई आकाश भी उसी घर में रहता था। कुछ दिनों पहले उसने भाई की गैरमौजूदगी में अपनी भाभी पर सिलबट्टे से वार करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह रात भर छह साल की भतीजी के साथ उसी घर में रहा और सुबह होते ही वह घर से फरार हो गया। पुलिस की टीमें तब से उसे तलाश रही थीं।
गुरुवार को वह अचानक शराब पीकर घर लौटा और मां-बाप के गले लगकर रोने लगा। इसी बीच वहां पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उससे हत्या का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसकी भाभी उसपर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रही थी। वह उसे परेशान करती थी और उससे रुपये भी ले लिया करती थीं। इस बात से वह परेशान हो गया था। इसी के चलते उसने भाभी की हत्या करने की बात सोच ली थी और शराब पीकर उसने भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हत्यारोपी की भाभी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रही थी। इसके साथ ही वह देवर से उसकी मजदूरी के रुपये भी ले लेती थी। इसी बात से परेशान होकर उसने महिला की हत्या कर दी। -नरेश त्यागी, इंस्पेक्टर सुभाषनगर
