कुशीनगर: मामूली विवाद में हुई चाकूबाजी, एक की मौत, पुलिस बल तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुशीनगर। कुशीनगर में सेवरही थानाक्षेत्र के धुरिया हाता में मामूली नोंकझोंक में एक युवक ने दूसरे युवक की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को सीएचसी तमकुहीराज लेकर गए। लेकिन उसने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया। परिवारीजन मृतक का शव आरोपी के दरवाजे पर रखकर विरोध प्रदर्शन …

कुशीनगर। कुशीनगर में सेवरही थानाक्षेत्र के धुरिया हाता में मामूली नोंकझोंक में एक युवक ने दूसरे युवक की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को सीएचसी तमकुहीराज लेकर गए। लेकिन उसने रास्ते मे ही दम तोड़ दिया। परिवारीजन मृतक का शव आरोपी के दरवाजे पर रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। घटना को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गयी। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम व सीओ की अगुवाई में कई थानों की फोर्स पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास करने लगी। उग्र परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने नहीं दे रहे थे। मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी ने परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।

बता दें कि धुरिया हाता निवासी उमेश यादव (36) व धुरिया कोट निवासी विशाल यादव के घर के बगल में विशाल किराने की दुकान चलाता है। उमेश यादव प्राइबेट बस का चालक है शनिवार को उमेश यादव व विशाल के बीच किसी बात को लेकर मामूली नोंकझोक हुई और विवाद बढ़ गया। अचानक विशाल ने उमेश के पेट में चाकू से कई वार कर दिया और फरार हो गया। उमेश लहूलुहान होकर दरवाजे पर गिर गया। आनन फानन में परिवारीजन घायल उमेश को इलाज के लिए सीएचसी तमकुहीराज ले गए। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी के बाद आरोपी युवक परिजनों के साथ घर में ताला लगाकर फरार हो गया। पीड़ित परिजन मृतक के शव को आरोपी के दरवाजे पर ले आए और उसके घर के बरामदे में रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

सूचना पर एसडीएम एआर फारुखी, सीओ फूलचन्द्र की अगुवाई में पांच थानो की भारी भरकम पुलिस पहुंच गयी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाना चाहती थी। लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को अहेतुक सहायता की मांग पर अड़े थे। मौके पर पहुंचे एएसपी एपी सिंह ने पीड़ित परिवार को सहायता का भरोसा दिलाया। उसके बाद किसी तरह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घटना को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

संबंधित समाचार