बिजनौर: एनएच-74 पर महिला को वाहन ने रौंदा, ट्रक चालक से पूछताछ
बिजनौर/अफजलगढ़, अमृत विचार। एनएच-74 पर उधोवाला गांव के पास शनिवार की सुबह सड़क किनारे सिर कुचला हुआ महिला का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ग्रामीण राम अर्ज, सीओ सुनीता दहिया और कोतवाल मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो टायरों …
बिजनौर/अफजलगढ़, अमृत विचार। एनएच-74 पर उधोवाला गांव के पास शनिवार की सुबह सड़क किनारे सिर कुचला हुआ महिला का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ग्रामीण राम अर्ज, सीओ सुनीता दहिया और कोतवाल मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो टायरों के रगड़ के निशान मिले।

इससे मामला पूरी तरह संदिग्ध लगा और पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों के ग्रामीणों से जानकारी ली। एसपी ग्रामीण राम अर्ज ने पुलिस की दो टीम गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच में महिला की शिनाख्त ऊधम सिंह नगर के काशीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियावाली गांव निवासी केसर सिंह की 30 वर्षीय बेटी मनदीप कौर के रूप में हुई।
इसे उधोवाला गांव के पास वाहन ने टक्कर मार दी थी। उसका सिर और चेहरे का हिस्सा बुरी तरह कुचला हुआ था। उसके हाथ पर प्रभदीप गुदा था, जिससे वह सिख समाज की लग रही थी। उसने जींस और टॉप पहना था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था।
मनदीप कौर की शादी दस वर्ष पूर्व सुखबीर सिंह निवासी गांव बेगमपुरी बन्ना खेड़ा थाना बाजपुर जनपद उधम सिंह नगर के साथ हुई थी। पति-पत्नी का आपस में विवाद चल रहा था। मनदीप अपने मायके काशीपुर में रह रही थी। उनकी एक पुत्री प्रभदीप कौर उम्र 5 वर्ष है। पुलिस ने एक ट्रक चालक को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
