बरेली: एसएसपी बताकर छात्र ने छात्रा को दरोगा बनाने के नाम पर की ठगी
बरेली, अमृत विचार। एसएसपी बताकर आगरा के एक युवक ने सोशल साइट पर पीसीएस की तैयारी कर रही छात्रा से संपर्क कर उसे दरोगा बनाने का लालच दिया। इसके बाद उसने छात्रा से दस हजार रुपये अपने एकाउंट में डलवा लिए। शक होने पर छात्रा ने यह बात अपने भाई को बताई। इसपर छात्रा ने …
बरेली, अमृत विचार। एसएसपी बताकर आगरा के एक युवक ने सोशल साइट पर पीसीएस की तैयारी कर रही छात्रा से संपर्क कर उसे दरोगा बनाने का लालच दिया। इसके बाद उसने छात्रा से दस हजार रुपये अपने एकाउंट में डलवा लिए। शक होने पर छात्रा ने यह बात अपने भाई को बताई। इसपर छात्रा ने उसे बरेली बुलाया और पुलिस को सौंप दिया। छात्रा के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
करमपुर चौधरी निवासी भीम भास्कर ने बताया कि उनकी बहन पीसीएस की तैयारी कर रही है। वह ऑनलाइन क्लास के माध्यम से पढ़ाई करती है। पढ़ाई के लिए कोचिंग सेंटर का एक व्हाट्सएप ग्रुप बना हुआ है। आरोप है कि वहीं से आगरा के बाह थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव के रहने वाले राजतिलक पुत्र सालिग्राम ने बहन विशाखा के पास फोन किया और शुरूआत में उससे पढ़ाई-लिखाई को लेकर बातचीत शुरू की। कुछ समय बात करने के बाद युवक ने खुद जालौन जिले का एसएसपी बताते हुए पुलिस मुख्यालय में रहने का भी परिचय दिया। राजतिलक ने पीड़ित की दोनों बहनों को दरोगा बनाने का लालच दिया और फिर उसमें कुछ रकम खर्च करने की बात कही।
भीम भास्कर ने आरोपी के मांगने पर करीब 10 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर भी कर दी थी। बताया कि शक होने पर उन्होंने युवक को बरेली बुलाया। आरोप है कि राजतिलक पुलिस की वर्दी में कुतुबखाने मिलने के लिए पहुंचा। इसके बाद पकड़े जाने के डर से वह वहां से भागने लगा। जिसे लोगों ने रोडवेज बस अड्डे पर पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
बीएससी का छात्र है जालसाज राजतिलक
पूछताछ में फर्जी एसएसपी राजतिलक ने बताया कि वह आगरा विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र है। परिवार में मां, तीन भाई और एक बहन हैं। करीब 8-9 साल पहले उसके पिता सालिग्राम घर छोड़कर चले गए थे और साधू बन गए थे। उसके पास गांव में करीब 21 बीघा जमीन है।
नौकरी दिलाने का लालच देने के नाम पर युवक ने ठगी की थी। उसने खुद को एसएसपी बताया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। -पंकज पंत, इंस्पेक्टर कोतवाली
