बरेली: लगातार दूसरे दिन भी नहीं निकला डेंगू का कोई मरीज
बरेली, अमृत विचार। जिले में लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी डेंगू का एक भी मरीज नहीं मिला। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। जबकि, मलेरिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिले में 1,574 लोगों की जांच की गई। 26 मलेरिया के नए मामलों की पुष्टि हुई …
बरेली, अमृत विचार। जिले में लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी डेंगू का एक भी मरीज नहीं मिला। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। जबकि, मलेरिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिले में 1,574 लोगों की जांच की गई। 26 मलेरिया के नए मामलों की पुष्टि हुई जिसमें प्लाज्मोडियम वाईवैक्स के 16 तो जानलेवा प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम के 10 मरीज निकले।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनवरी 2021 से सोमवार तक 1,49,511 जांचें की गई हैं जिसमें से 1,618 मामले प्लाज्मोडियम वाईवैक्स तो 263 मामले प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम के निकले हैं। हालांकि, ये आंकड़े पिछली साल की तुलना में बेहद कम है। पिछले वर्ष 2020 में मलेरिया की करीब डेढ़ लाख जांच की गई थीं जिसमें 9228 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई थी जिसमें 6,189 लोगों में प्लाज्मोडियम वाईवैक्स व 3,309 लोगों में प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम की पुष्टि हुई थी।
रैपिड कार्ड में नहीं हुई पुष्टि
जिला अस्पताल में सोमवार को भी चेस्ट फिजिशियन व फिजिशियन के कमरे के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सोमवार को 1970 लोग ओपीडी में पहुंचे। इस दौरान फिजिशियन के पास 290 के करीब बुखार, खांसी जुकाम के मरीज पहुंचे। मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. सुबोध शर्मा के अनुसार सोमवार को जिला अस्पताल में 161 लोगों की मलेरिया की जांच की गई, जिसमें किसी भी मरीज में मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई है। 40 मरीजों की रैपिड कार्ड से डेंगू की पुष्टि की गई, जिसमें किसी भी मरीज में पुष्टि नहीं हुई।
