बरेली: घर से 100 मीटर दूर मिला किशोरी का शव, हत्या का आरोप
देवरनिया, अमृत विचार। गुलड़िया मोहम्मद हुसैन गांव में घर में सोई किशोरी का शव सोमवार सुबह घर से 100 मीटर दूर गोशाला के बाहर पड़ा मिला। कूड़ा डालने गई महिलाओं ने किशोरी के पिता को सूचना दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, रंजिश से इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की …
देवरनिया, अमृत विचार। गुलड़िया मोहम्मद हुसैन गांव में घर में सोई किशोरी का शव सोमवार सुबह घर से 100 मीटर दूर गोशाला के बाहर पड़ा मिला। कूड़ा डालने गई महिलाओं ने किशोरी के पिता को सूचना दी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, रंजिश से इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चल सकेगी।
गुलड़िया मोहम्मद हुसैन निवासी पप्पू सिंह ने बताया कि वह चालक है। उनकी पत्नी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। रविवार रात उनके दोनों पुत्र ओमवीर व अनिल गाड़ी लेकर बाहर गये थे। वह अपने घर के बाहर आंगन में सो रहे थे। कमरे में उनकी 16 साल की पुत्री देवलता सो रही थी। रात में किसी समय देवलता घर से गायब हो गयी। सोमवार सुबह कूड़ा डालने जा रही गांव की महिलाओं ने देवलता का शव घर से करीब सौ मीटर की दूर जंगल जाने वाले रास्ते पर स्थित गंगा सिंह की बनी गोशाला के बाहर एक पेड़ के नीचे पड़ा देखा।
सूचना पर उसके पिता व अन्य गांव वाले एकत्र हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौके पर सीओ अजय भारती, डॉग स्कॉड व फ्रिंगर प्रिंट यूनिट ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला माना। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। देर शाम तक परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी थी।
गर्दन पर खून और रस्सी के मिले निशान
शव के पास चुनरी व चप्पल बरामद हुई। सूट के पीछे बंधने वाली बद्दी गोशाला के अंदर पड़ी मिली। शव गोशाला में पड़े होने से भूसे में सना था। गर्दन पर खून व रस्सी के निशान थे। सूत्रों के मुताबिक, प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
प्रथम दृष्टया किशोरी ने सुसाइड किया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कुछ स्पष्ट हो पाएगा। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। —राकेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर
