बाइडेन ने एंटोनियो गुटेरेस से कहा, अमेरिका को संयुक्त राष्ट्र और इसके मूल्यों पर भरोसा  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस से कहा है कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र और उसके मूल्यों में भरोसा रखता है और कोविड-19 तथा जलवायु परिवर्तन के संकट जैसी मौजूदा चुनौतियों के समाधान के लिए दोनों के संबंध पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर …

न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस से कहा है कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र और उसके मूल्यों में भरोसा रखता है और कोविड-19 तथा जलवायु परिवर्तन के संकट जैसी मौजूदा चुनौतियों के समाधान के लिए दोनों के संबंध पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय सत्र को पहली बार संबोधित करने के लिए सोमवार को न्यूयॉर्क पहुंचे बाइडेन ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव से मुलाकात की। बाइडेन सप्ताह भर चलने वाले महासभा के सत्र के पहले दिन मंगलवार को ऐतिहासिक महासभा सभागार से विश्व के नेताओं को प्रत्यक्ष रूप से संबोधित करेंगे। उन्होंने महासभा में संबोधन को अपने लिए ”बड़ा सम्मान” बताया है।

बाइडेन ने कहा, ”अमेरिका वापस आ गया है। हमलोग संयुक्त राष्ट्र और उसके मूल्यों में भरोसा करते हैं। कोविड-19 को खत्म करने और मानवता के सामने आज जलवायु संकट के रूप में जो सबसे बड़ा खतरा है उससे सिर्फ वैश्विक समाधान के जरिए निपटा जा सकता है। इसे कोई एक देश या 10 देश मिलकर नहीं कर सकते हैं।” संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के साथ मुलाकात से पहले बाइडेन ने कहा, ”अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र के बीच मजबूत साझेदारी साझा मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित है।

इस समय ये संबंध पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।” गुतारेस ने कहा कि बाइडेन ने स्पष्ट रूप से संयुक्त राष्ट्र और बहुलवाद के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन संयुक्त राष्ट्र का आलोचक रहा है। ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका ने विश्व संस्था से खुद को अलग कर लिया था तथा संयुक्त राष्ट्र की कई अहम संस्थाओं के लिए वित्तीय सहायता कम कर दी थी। बाइडेन प्रशासन ने पेरिस जलवायु परिवर्तन समझौता समेत ट्रंप के फैसलों को पलट दिया और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ संबंध फिर से बहाल कर दिया।

संबंधित समाचार