मुरादाबाद: बिना डिग्री कर रहे मरीजों का इलाज, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील की झोलाछाप की दुकान
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिना डिग्री मरीजों की जान से खिलवाड़ करना झोलाछाप को भारी पड़ गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसकी दुकान को सील कर दिया। शहर के जामा मस्जिद रोड वारसी नगर में मदीना क्लीनिक के नाम से झोलाछाप की दुकान लंबे समय से संचालित हो रही थी। दुकान चलाने वाले अब्दुल कादिर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिना डिग्री मरीजों की जान से खिलवाड़ करना झोलाछाप को भारी पड़ गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसकी दुकान को सील कर दिया।
शहर के जामा मस्जिद रोड वारसी नगर में मदीना क्लीनिक के नाम से झोलाछाप की दुकान लंबे समय से संचालित हो रही थी। दुकान चलाने वाले अब्दुल कादिर जो खुद को डाक्टर बताकर मरीजों का इलाज करता था कि शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस के दिन जिलाधिकारी से की गई थी।
शिकायत करने वाले ने जिलाधिकारी को बताया कि दुकान के संचालक के पास परिवार के सदस्य को पेट दर्द होने पर इलाज कराने ले गया था, लेकिन इसकी दवा से हालत और बिगड़ गई। शिकायत पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसकी जांच करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में बुधवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाँ अजय कुमार शर्मा अपनी टीम और स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचे। झोलाछाप के पास न तो कोई वैध डिग्री थी और न पंजीकरण। दुकान में दवाएं भी रखीं थीं, जिनसे वह मरीजों का इलाज करता था। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाँ अजय कुमार ने बताया कि दुकान सील करके संबंधित थाने में उसके खिलाफ तहरीर दी है। सीएमओ और जिलाधिकारी को इसकी रिपोर्ट भेज रहे हैं।
