बरेली: पेयजल व सीवर लाइन बिछाने को 170960 मीटर सड़कें खोदी
बरेली, अमृत विचार। पेयजल एवं सीवर लाइन बिछाने के लिए किस कदर सड़कें खोदकर आमजन की दिक्कतें बढ़ायी गयीं, इसका खुलासा गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में हुई बैठक में हुआ। बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत में पेयजल एवं सीवर लाइनें बिछाने के लिए करीब 170960 मीटर सड़कें खोदी गयीं। ये खुदी सड़कों ने आमजन की दिक्कतें …
बरेली, अमृत विचार। पेयजल एवं सीवर लाइन बिछाने के लिए किस कदर सड़कें खोदकर आमजन की दिक्कतें बढ़ायी गयीं, इसका खुलासा गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में हुई बैठक में हुआ। बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत में पेयजल एवं सीवर लाइनें बिछाने के लिए करीब 170960 मीटर सड़कें खोदी गयीं। ये खुदी सड़कों ने आमजन की दिक्कतें खूब बढ़ायीं। महीनों तक सड़कें ऐसे ही पड़ी रहीं।
इसके बाद इनका निर्माण शुरू हुआ। इस समय 16354 मीटर सड़कें जर्जर अवस्था में है जो बारिश में लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश देने के बाद प्रशासनिक अधिकारी सड़कों का निर्माण कराने को लेकर तेजी दिखा रहे हैं। मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने अधिकारियों की बैठक लेकर जनपदों में जर्जर सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। कड़े शब्दों में सड़कों का निर्माण कराकर प्रगति आख्या तत्काल भेजने के भी निर्देश दिए।
कमिश्नरी सभागार में गुरुवार को नगरीय क्षेत्रों में सीवर एवं पेयजल कार्यों के लिए काटी गई सड़कों की पुनर्स्थापना कराने को लेकर हुई बैठक में बताया गया कि बरेली शहर में नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज योजना के तहत 10691 मीटर सड़कें काटी गईं। जिसके सापेक्ष 7991 मीटर सड़कें ठीक करायी जा चुकी हैं। 2700 मीटर सड़कों की हालत खराब है।
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि तीन सड़कों का निर्माण किया जाना शेष है। जिसमें से 350 मीटर सड़क जंक्शन कचहरी रोड से जंक्शन चौकी तक, 1500 मीटर सड़क जसौली फाटक से स्टेट बैंक कालोनी तक तथा 850 मीटर सड़क चौपुला चौराहा से जसौली फाटक तक की सड़क का निर्माण होना है। बारिश के कारण कार्य बाधित हो रहा है, जिसे शीघ्र पूर्ण कराने की बात कही।
पीलीभीत में भी सड़कों की हालत खराब, 53269.33 मीटर सड़कें काटी
जनपद पीलीभीत में पेयजल योजना के तहत 53269.33 मीटर सड़कें काटी गयीं। 52615.26 मीटर सड़कों का पुन:निर्माण कराया जा चुका है। 654.07 मीटर सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। पेयजल योजना (जोन 2, 4 एवं 5) के तहत 112 मीटर सड़कों का निर्माण किया जाना है। जिसमें से 80 मीटर सीसी सड़क, 32 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क अवशेष है। पेयजल योजना (जोन 1, 3 एवं 6) में 542.70 मीटर सड़क बननी है। 150 मीटर बिटुमिन सड़क तथा 391 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क अवशेष है।
बताया कि बिटुमिन सड़क का कार्य बारिश के बाद तथा इंटरलॉकिंग सड़क का कार्य तीन दिन में पूर्ण कराने की बात कही। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर लें। बैठक में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, अपर जिलाधिकारी (नगर) महेन्द्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी(वि/रा) पीलीभीत अतुल सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शाहजहाँपुर रामसेवक द्विवेदी, महाप्रबन्धक (जल) आरके यादव के आलवा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पेयजल बिछाने को शाहजहांपुर में खोदी गयीं 107.93 किलोमीटर सड़कें
शाहजहांपुर में नगर निगम क्षेत्र में पेयजल योजना के तहत 107.93 किलोमीटर सड़कें काटी गयीं। 93.99 किमी सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है। 13.94 किमी सड़कें बननी अवशेष हैं। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पेयजल योजना में 13.94 किमी सड़क बननी है। 4 किमी बिटुमिन सड़क, 6 किमी सीसी सड़क व 4 किमी इंटर लॉकिंग सड़क अवशेष है। बताया कि जनपद में सीवर लाइन का प्रोजेक्ट चल रहा है। जिसके कारण अभी कटिंग होती रहेगी।
बताया कि जब तक पूरा बेस सही नहीं होगा, तब तक मिट्टी का कसाव सही नहीं होगा। अवगत कराया गया कि जनपद में गलियां तंग होने के कारण कार्य किये जाने में कठिनाई हो रही है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शाहजहांपुर ने अवगत कराया कि निरीक्षण के दौरान बेस सही नहीं पाये जाने पर उसकी क्रॉस चेकिंग कर नये सिरे से बेस सेट कराया गया।
