शाहजहांपुर: अवैध ढंग से बरेली हाइवे पर चलाया जा रहा डिस्को बार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। मनोरंजन के नाम पर अवैध रूप से संचालित डिस्को बार की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। इस बार का उद्घाटन महानगर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में किया गया था, लेकिन शासन प्रशासन की बिना अनुमति और बगैर लाइसेंस के इसे कोतवाली थाना क्षेत्र के हाईवे पर …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। मनोरंजन के नाम पर अवैध रूप से संचालित डिस्को बार की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। इस बार का उद्घाटन महानगर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में किया गया था, लेकिन शासन प्रशासन की बिना अनुमति और बगैर लाइसेंस के इसे कोतवाली थाना क्षेत्र के हाईवे पर संचालित किया जा रहा है।

इससे आबकारी विभाग सहित जिम्मेदारों की मिलीभगत भी सामने आ गई है। सोसल मीडिया पर मामला छाने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं, वहीं जिला आबकारी अधिकारी प्रदीप दुबे का कहना है कि बार के स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है। सवाल है कि जब लाइसेंस स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है तो इसका संचालन कैसे हो रहा है।

बरेली हाइवे पर चलाए जा रहे डांस बार की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से यह मामला सामने आया। हालांकि इस वीडियों में डांस नहीं दिखाया गया है, लेकिन इसकी जानकारी दी जा रही है और गाने की धुन सुनाई पड़ रही है। वायरल वीडियो को देखने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच बिठा दी है। वीडियो में यह भी बताया गया है कि इसका लाइसेंस सदर बाजार थाना क्षेत्र के लिए दिया गया है, जबकि अवैध रूप से संचालन कोतवाली चौक क्षेत्र में किया जा रहा है।

इस पर अमृत विचार ने तहकीकात की तो यह बात सामने आई कि जिला आबकारी अधिकारी के कार्यालय से महिला आवेदक के नाम से पी-क्यूब डिस्को बार एंड रेस्टोरेंट के नाम से थाना सदर बाजार क्षेत्र के लिए लाइसेंस दिया गया। पहली अगस्त को डिस्को बार एंड रेस्टोरेंट का उद्घाटन थाना सदर क्षेत्र में ही किया गया, लेकिन एक महीने भी नहीं बीता और इसका संचालन कोतवाली चौक क्षेत्र में बरेली हाइवे पर शुरू कर दिया गया।

डिस्को बार होने के कारण इस रेस्टोरेंट में शराब पिलाने से लेकर नाच गाने आदि की व्यवस्था भी की जाती है, जहां मौज मस्ती के दौरान कई बार स्थितियां नियंत्रण से बाहर हो जाती हैं। पूर्ण रूप से अवैध इस बार में दिन से ही शराबियों का जमघट लगना शुरू हो जाता है, जो देर रात तक हंगामे में परिवर्तित हो जाता है। यह डिस्को बार पुलिस प्रशासन के लिए कभी भी चुनौती बन सकता है।

पूरे मामले की जांच कराई जाएगी: सिटी मजिस्ट्रेट
सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार का कहना है कि बरेली हाइवे पर अवैध रूप से डिस्को बार संचालन की जानकारी मिली है। टीम गठित कर इस प्रकरण की जांच करवाई जाएगी। साथ ही जांच में जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार