संभल: गर्भवती की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा
संभल/जुनावई, अमृत विचार। पतरिया रोड पर मेरठ नर्सिंग होम में शुक्रवार को प्रसव के दौरान एक गर्भवती की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी अस्पताल में पहुंच गए और बवाल बढ़ गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची …
संभल/जुनावई, अमृत विचार। पतरिया रोड पर मेरठ नर्सिंग होम में शुक्रवार को प्रसव के दौरान एक गर्भवती की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी अस्पताल में पहुंच गए और बवाल बढ़ गया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, पीड़ित परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के ढाडूमरा गांव निवासी मनोज शर्मा की पत्नी प्रियंका शर्मा गर्भवती थी।
शुक्रवार की दोपहर में प्रियंका को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन पतरिया रोड स्थित मेरठ नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने गर्भवती को प्रसव करने के लिए भर्ती ले लिया। प्रियंका के पति मनोज शर्मा का आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक खुशनुमा उर्फ गुड़िया द्वारा मरीज का प्रसव ऑपरेशन द्वारा करने की गारंटी लेकर मरीज के परिवार के सदस्यों को नर्सिंग होम के बाहर बैठा दिया गया।
जबकि ऑपरेशन थिएटर का दरवाजा बंद कर प्रसव महिला का इलाज शुरू किया गया। हमलोगों की लाख कोशिश के बाद भी नर्सिंग होम संचालक गुड़िया द्वारा गेट नहीं खोला गया। मेरी पत्नी प्रियंका की मौत होने पर एक महिला डॉक्टर और पुरुष डॉक्टर सहित दरवाजा खोलकर निकले और तुरंत कार में बैठक भाग गए। बाद में हमने ऑपरेशन थिएटर में जाकर देखा तो मेरी पत्नी की नाक में नली लगे बेड पर मृत पड़ी थी। इसके बाद परिजनों ने नर्सिंग होम के संचालक पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया।
उपनिरीक्षक वीरेश कुमार ने बताया मृतक परिवार की तरफ से तहरीर आने पर ही नर्सिंग होम संचालक एवं अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
