बरेली: सड़क निर्माण में इंजीनियरों व ठेकेदारों की सामने आयी लापरवाही
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट सहित कई योजनाओं के तहत सड़कों की खुदाई के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। आईवीआरआई रोड पर अभी कुछ दिन पहले ही एक युवक की मौत हो गई थी। नगर निगम के ठेकेदार और इंजीनियर जल्द काम पूरा करने को लेकर गंभीर नहीं है। यह हकीकत सामने …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट सहित कई योजनाओं के तहत सड़कों की खुदाई के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। आईवीआरआई रोड पर अभी कुछ दिन पहले ही एक युवक की मौत हो गई थी। नगर निगम के ठेकेदार और इंजीनियर जल्द काम पूरा करने को लेकर गंभीर नहीं है। यह हकीकत सामने आई तो शुक्रवार को मेयर सहित नगर निगम की टीम सड़कों को निरीक्षण करने के लिए दौड़ पड़ी। इस दौरान सड़क चौड़ीकरण में लेटलतीफी के कामों पर मेयर ने अफसरों को फटकार लगाई और अतिक्रमण हटाने, बिजली खंभे शिफ्ट करने से लेकर रोड से बजरी, पत्थर हटाकर निर्माण कार्य तेजी करने के निर्देश दिए।
नगर निगम के इन दिनों 15वें वित्त आयोग से चल रहे ईंट पजाया चौराहे से स्टेडियम रोड होते हुए डेलीपीर चौराहे तक का चौड़ीकरण काम बहुत धीमा चल रहा है। इस रोड पर ठेकेदार की लापरवाही की वजह से सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन जाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। शहर की प्रमुख सड़कों में शामिल स्टेडियम रोड पर शुक्रवार को मेयर उमेश गौतम नगर निगम के अधिकारियों के साथ अचानक पहुंच गए।
मेयर की सूचना पर नगर निगम के निर्माण, जलकल, प्रकाश, अतिक्रमण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मेयर ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में तमाम विभागों को तालमेल बनाकर काम करना होगा। उन्होंने अतिक्रमण प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना को रोड किनारे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अतिक्रमण प्रभारी ने प्रवर्तन दल बुलाकर अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
उन्होंने बिजली खंभे शिफ्ट करने के साथ स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे, बॉक्स को रोड किनारे लगाने के निर्देश दिए हैं। ईंट पजाया चौराहे से स्टेडियम रोड पर ठेकेदार ने बजरी, पत्थरों को फैला दिया। जिससे रोड पर जाम की समस्या बन गई। इस मौके पर मुख्य अभियंता बीके सिंह, जलकल महाप्रबंधक आरके यादव भी मौजूद रहे।
डीएफओ से पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने को कहा
सड़क चौड़ीकरण के बीच आ रहे पेड़ों को ट्रांसलोकेट कराने के लिए मेयर ने वन विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। मेयर ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर पेड़ों को ट्रांसलोकेट करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए। दिसंबर तक शहर के तमाम सड़क चौड़ीकरण के काम पूरे हो जाने चाहिए।
सड़क चौड़ीकरण के काम में तभी विभागों को तालमेल बनाना होगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क का शनिवार को भी निरीक्षण किया जाएगा। -डा. उमेश गौतम, मेयर
