गोरखपुर में CM योगी का जनता दरबार, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने दौरे के दूसरे दिन हिंदू सेवा आश्रम में जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतों को सुना। साथ ही उसे शीघ्र निस्तारित करने के आदेश दिए। करीब 300 लोग गोरखनाथ मंदिर में पहुंचे थे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही। जनता दरबार के दौरान हमेशा की तरह शनिवार …
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने दौरे के दूसरे दिन हिंदू सेवा आश्रम में जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतों को सुना। साथ ही उसे शीघ्र निस्तारित करने के आदेश दिए। करीब 300 लोग गोरखनाथ मंदिर में पहुंचे थे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही।
जनता दरबार के दौरान हमेशा की तरह शनिवार को भी सीएम योगी आदित्यनाथ एक-एक कर फरियादियों के पास गए। सबकी समस्याएं सुनी और उनका प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए । हालांकि इस बार के जनता दरबार में सीएम योगी का मूड अच्छा दिखा, लेकिन इस बीच आए दो गंभीर मामलों ने एक बार फिर अधिकारियों को असहज कर दिया।
बता दें कि रामगढ़ताल इलाके के महेवा एहतमाली स्थित सम्मय माता के जिस मंदिर से सीएम योगी ने बीते 26 जुलाई को कब्जा हटवाया था। वहां के महंत चेतन गिरी उर्फ नागा बाबा को फिर जान से मारने की धमकी मिली तो महंत जनता दरबार में पहुंचकर सीएम योगी से अपनी आपबीती सुनाई। उनकी परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महंत के मंदिर से बाहर आते ही फलमंडी पुलिस ने महंत को फोन कर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। महंत का आरोप है कि भू- माफियाओं को फलमंडी चौकी का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है।
इसके अलावा हिंदु युवा वाहिनी के एक कार्यकर्ता ने भी सीएम योगी से गुहार लगाई कि कुछ दबंग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस कार्रवाई के बजाए उसे ही प्रताड़ित कर रही है। मुख्यमंत्री यह सुनने के बाद नाराज हुए और उन्होंने एसएसपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस बार जनता दरबार में सबसे अधिक महिलाएं पहुंची। हर बार की तरह इस बार भी सीएम के पास ज्यादा शिकायतें भूमि विवाद और पुलिस की ही पहुंची। जितने प्रार्थना पत्र सीएम के सचिव के हाथ में नहीं थे, उससे कहीं अधिक प्रार्थना पत्र एसएसपी डॉ विपिन ताडा के हाथ में देखे गए।
सीएम योगी ने गोरक्षनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई
मंदिर में आने पर मुख्यमंत्री की दिनचर्या पहले की तरह ही रही। सुबह उन्होंने सबसे पहले नाथ पंथ के आदि गुरु गोरक्षनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के क्रम में मुख्यमंत्री हमेशा की तरह गोशाला गए और करीबा आधा घंटा गायों के बीच गुजारा। इस दौरान सीएम ने गायों को गुड़ खिलाया। साथ ही अपने स्वान कालू और गुल्लू को भी दुलारा।
