बरेली: गरीब कल्याण दिवस पर सैकड़ों लाभार्थियों का हुआ कल्याण
बरेली, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को बरेली के मूक बधिर विद्यालय में गरीब कल्याण दिवस का दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की। उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर डीएम नितीश कुमार, सीडीओ चन्द्र मोहन गर्ग व सलाहाकार दिव्यांग कल्याण बोर्ड …
बरेली, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को बरेली के मूक बधिर विद्यालय में गरीब कल्याण दिवस का दीप प्रज्वलित कर शुरुआत की। उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर डीएम नितीश कुमार, सीडीओ चन्द्र मोहन गर्ग व सलाहाकार दिव्यांग कल्याण बोर्ड पीपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आदि लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संतोष गंगवार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास के बहुत कार्य किए हैं, इसीलिए परिवर्तन दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज को आगे बढ़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण दिवस के रुप में जनपद सहित सभी विकास खण्डों में कार्यक्रम को मनाते हुए लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन, पारिवारिक लाभ एवं सामान्य/अनुसूचित जाति शादी अनुदान के चयनित 10-10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। जिला दिव्यांग जन संशक्तिकरण विभाग द्वारा 44 दिव्यांग जनों को ट्राई साईकिल, लेप्रोसी किट, एमआर किट के वितरण के साथ ही 10 दिव्यांग पेंशन के लाभार्थियां को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान के 10, ओ लेविल कम्प्यूटर परिक्षण के 5, सीसीसी प्रशिक्षणार्थियों को कम्प्यूटर कोर्स के 5 प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित अल्पंसख्यक शादी अनुदान योजनान्तर्गत 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित निरश्रित महिला पेंशन योजना के 10, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 10 एवं कन्या सुमंगला योजना के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किये गये। इस प्रकार सोशल सेक्टर द्वारा संचालित विभिन्न योजनान्तर्गत 154 लाभार्थियां को उपकरण एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
ब्लॉकों में लगे गरीब कल्याण दिवस के मेलों में हजारों लोगों को मिला लाभ
बरेली के सभी 15 विकास खण्डों में गरीब कल्याण दिवस के मौके पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। इसमें सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मेले लगाकर लोगों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान सैकड़ों लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। विकास खंडों में लगे मेलों में विभिन्न विभागों द्वारा अपने अपने स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं को जानकारी दी गई। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने दिवस पर किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा समस्त विकास खण्डों में कुल 31 जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया, जिसमें 1467 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त कैम्प लगाकर 75 पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्डों का वितरण किया गया। कोविड से बचाव के लिए 202 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। इसी तरह ऋ ण वितरण कार्यक्रम के तहत एनआरएलएम अन्तर्गत 77 सीसीएल, पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत 57 लाभार्थियों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के लिए नौ लाभार्थियों को ऋ ण स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराए गए।
इसी तरह उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अन्तर्गत पांच लाभार्थियों को, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना अन्तर्गत दो लाभार्थियों को तथा एक जनपद-एक उत्पाद योजनान्तर्गत 2 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 138 लाभार्थियों को कृषि संयंत्र/मिनी किट का वितरण कराया गया।
ग्राम्य विकास विभाग द्वारा उक्त मेलों में समस्त विकास खण्डों में कुल 245 प्रधानमंत्री आवासों तथा 27 मुख्यमंत्री आवासों के स्वीकृति पत्र एवं चाबी लाभार्थियों को वितरित की गई। इसी तरह पंचायती राज विभाग द्वारा एसबीएम फेज-2 के अन्तर्गत 1036 लाभार्थियों को शौचालय के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। महिला कल्याण विभाग द्वारा समस्त विकास खण्डों पर पति की मृत्यु उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजनान्तर्गत कुल 56 पेंशन स्वीकृत करते हुये स्वीकृति पत्र वितरित हुए। इसके अलावा कई अन्य योजनाओं का भी लाभ दिया गया।
