अयोध्या: सरकार के इस फरमान के खिलाफ रामनगरी में शिक्षक हुए लामबंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा के सुबह 8 से शाम साढ़े चार बजे तक स्कूल खोलने के फरमान और लंबित मांगों के खिलाफ रामनगरी में शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा। माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के अध्यापकों ने विरोध स्वरूप मशाल जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। …

अयोध्या। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा के सुबह 8 से शाम साढ़े चार बजे तक स्कूल खोलने के फरमान और लंबित मांगों के खिलाफ रामनगरी में शिक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा। माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के अध्यापकों ने विरोध स्वरूप मशाल जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को देर शाम तिकोनिया पार्क से जिला अधिकारी कार्यालय तक मशाल जुलूस निकाल कर सरकार के प्रति गहरा आक्रोश भी व्यक्त किया ।

शिक्षकों के कचहरी पहुंचने पर वहां पर पहले से मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने शिक्षकों से कहा कि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे तथा निस्तारण कराने की गुजारिश भी करेंगे। इससे पूर्व तिकोनिया पार्क में उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए मंडलीय अध्यक्ष राम अनुज तिवारी व जिला मंत्री आलोक तिवारी ने कहा कि सरकार द्वारा जारी किया गया शासनादेश, जिसमें सुबह 8 से 4:30 बजे तक विद्यालय खोलने को कहा गया है वह शिक्षा अधिनियम 1921 का खुला उल्लंघन है इसको सरकार तुरंत वापस ले क्योंकि यह सरकार द्वारा शिक्षकों के शोषण के लिए जानबूझकर जारी किया गया है।

यदि सरकार इस शासनादेश को वापस नहीं लेती है तो संगठन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा और वह सरकार के खिलाफ हर आंदोलन करने के लिए तैयार है। जिला उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी संजीव चतुर्वेदी तथा पूर्व मंत्री प्रधानाचार्य अशोक तिवारी ने कहा की इतिहास गवाह है शिक्षकों के खिलाफ जिस सरकार ने दमनात्मक रवैया अपनाया वह सरकार कभी वापस लौट कर नहीं आई है।

यदि सरकार यह सोचती है कि शिक्षकों की आवाज उसका उत्पीड़न करके दबा देगी तो यह उसकी भूल है शिक्षक दबाव में आने वाला नहीं है और वह हर संघर्ष करने के लिए तैयार है। जिला कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र, जिला एडिटर उमाकांत पांडे, जिला उपाध्यक्ष अनिरुद्ध मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अनूप पांडे, महानगर मंत्री डॉ पंकज शुक्ला, संयुक्त मंत्री सुजीत त्रिपाठी, संदीप ओझा, पंकज सिंह, विनीत मिश्रा, राधेश्याम वर्मा, अमित मिश्रा, संदीप चक्रवर्ती, भूपेंद्र त्रिपाठी, कमलेंद्र पांडे, डॉ. बीसी पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार