बरेली: सड़क के बीच हैंडपंप हटाए बगैर कर दिया चौड़ीकरण
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के निर्माण विभाग की लापरवाही का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। चौड़ीकरण के बाद जो हैंडपंप पहले सड़क किनारे लगा था, वो अब बीच सड़क पर आ गया है। ऐसे में यह हैंडपंप हादसे का सबब बना हुआ है। जबकि नगर निगम ने रोड का चौड़ीकरण तो करा दिया लेकिन …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के निर्माण विभाग की लापरवाही का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। चौड़ीकरण के बाद जो हैंडपंप पहले सड़क किनारे लगा था, वो अब बीच सड़क पर आ गया है। ऐसे में यह हैंडपंप हादसे का सबब बना हुआ है। जबकि नगर निगम ने रोड का चौड़ीकरण तो करा दिया लेकिन खतरे की घंटी बने इस हैंडपंप को सड़क किनारे शिफ्ट करने की सुध नहीं ली। बताते हैं कि सड़क के बीच हैंडपंप होने से बाइक सहित अन्य वाहन चालक हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं।
वार्ड 10 बिहारमान नगला में एक डेयरी के सामने सरकारी हैंडपंप बीच सड़क में लगने की शिकायत विश्व हिन्दू युवा सेना से जुड़े सुरेश कुमार, प्रशांत, रवि कुमार, विशाल, विजय और आयुष ने नगर निगम में अधिकारियों से की थी। उनका कहना था कि सरकारी नल बीच सड़क में लगा है। इसको बीच सड़क से हटाकर रोड किनारे लगाया जाए। इसके चलते हैंडपंप किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
उनका कहना है कि इस ओर न नगर निगम की टीम ने ध्यान दिया और न इस रोड से गुजरने वाले अधिकारियों ने सुध ली। थकहार कर उन्होंने मेयर से इस मामले की शिकायत की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान बीच में सरकारी हैंडपंप आ रहा था तो निर्माण विभाग को इसकी सूचना जलकल विभाग को देनी थी।
जल्दबाजी में निर्माण विभाग ने सड़क बना दी। नल सड़क के बीच में आ गया, इसकी चिंता उन्होंने नहीं की। इसी तरह जलकल विभाग के जिम्मेदारों ने यह जहमत नहीं उठाई कि सरकारी नल खराब पड़ा है और बीच सड़क पर है। जबकि लोगों ने इसकी शिकायत विभाग में आकर भी की थी।
शिकायतकर्ता इस मामले को लेकर मेरे पास आए थे। उनके दरख्वास्त को ले लिया गया है, जिसमें सड़क के बीच लगे हैंडपंप का फोटो भी लगा है। बीच सड़क पर सरकारी नल लगा है। यह बेहद गंभीर है। संबंधित विभाग को इसको फौरन हटाने को कहा है। -डॉ. उमेश गौतम, मेयर
