मुरादाबाद: गांवों में भी पैर पसार रहा डेंगू, गक्खरपुर में मिले पांच रोगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर ही नहीं ग्रामीण अंचल में भी डेंगू पैर पसार रहा है। रविवार को गक्खरपुर गांव में एक साथ डेंगू के पांच रोगी मिलने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। सीएमओ ने खुद गांव पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और सीएचसी डिलारी के चिकित्सक व स्टाफ को बेहतर उपचार के निर्देश …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर ही नहीं ग्रामीण अंचल में भी डेंगू पैर पसार रहा है। रविवार को गक्खरपुर गांव में एक साथ डेंगू के पांच रोगी मिलने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। सीएमओ ने खुद गांव पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और सीएचसी डिलारी के चिकित्सक व स्टाफ को बेहतर उपचार के निर्देश दिये।
डिलारी के गक्खरपुर गांव में एक साथ पांच मरीज मिले। इसमें दो पुरुष जो 42 व 40 वर्ष हैं। साथ ही एक 74 वर्ष की बुजुर्ग महिला और दो 32 और 34 वर्ष की महिलाएं हैं। इनकी रैपिड किट से जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। पांच मरीज की सूचना मिलने पर रविवार को खुद मुख्य चिकित्साधिकारी गक्खरपुर गांव में पहुंचे। उन्होंने गांव में घूमकर लोगों के घरों में पनप रहे डेंगू के लार्वा को नष्ट कराने के निर्देश चिकित्सकों व स्वास्थ्य टीम को दी।
गांव में भ्रमण कर मुख्य चिकित्साधिकारी ने गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। संबंधित विभाग को पत्र लिखकर सफाई कराने के निर्देश दिए। कहा इन दिनों संक्रामक बीमारियों का प्रकोप चल रहा है। ऐसे में न तो कहीं साफ पानी जमा होने दें और न ही घर व आसपास गंदगी रखें।
गांव में इन मरीजों के घर और आसपास के घरों में निरोधात्मक उपाय कर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। सीएमओ के आने की सूचना से स्थानीय सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल दिवाकर अपने स्टाफ के साथ मुस्तैद रहे। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल व अन्य चिकित्साधिकारी भी मौजूद रहे।
सीएमओ के आने की सूचना पर जुटे लोग
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सीएमओ के मरीज देखने की सूचना पर गांव के अन्य लोग भी जुट गए। उन्होंने सीएचसी पर दवाओं की भरपूर उपलब्धता और रात में चिकित्सक व अन्य स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।
फ्रिज के ट्रे में मिला डेंगू का लार्वा
सीएमओ ने गांव में निरीक्षण के दौरान पाया कि कई घरों में फ्रिज की ट्रे में डेंगू का लार्वा पनपा था। उन्होंने इसे तुरंत खाली कराया। लोगों से फ्रिज के ट्रे की नियमित सफाई के साथ ही कूलर में पानी न भरने की सलाह दी। कहा कि घरों की छत पर रखे पुराने बर्तन, टायर, गमले आदि को हटा दें, जिससे पानी जमा नहीं होगा। इससे डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा नहीं पनपेगा।
डेंगू मरीजों की संख्या हुई 63
एक ही गांव में पांच डेंगू मरीज मिलने से अब जिले में कुल संख्या 63 हो गई। हर दिन बढ़ रही डेंगू मरीजों की संख्या से चिंतित सीएमओ ने सभी चिकित्साधिकारियों व स्टाफ को कार्य में ढिलाई न बरतने की हिदायत दी। कहा यदि लापरवाही से किसी के साथ अनहोनी हुई तो दोषियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।
