पीलीभीत: किसान नेताओं की नाराजगी के बाद गजरौला इंस्पेक्टर से भी छिनी कमान, सेहरामऊ उत्तरी भी हटे
पीलीभीत, अमृत विचार। जुआरियों से मोटी रकम वसूलने के बाद अवैध तरीके से जुए का अड्डा चलवाने समेत कई संगीन आरोपों में घिरे इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह की आखिरकार पूरनपुर से विदाई हो ही गई। उनका तबादला हजारा थाना कर दिया है। पिछले महीने एक सिपाही और जुआरी के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ …
पीलीभीत, अमृत विचार। जुआरियों से मोटी रकम वसूलने के बाद अवैध तरीके से जुए का अड्डा चलवाने समेत कई संगीन आरोपों में घिरे इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह की आखिरकार पूरनपुर से विदाई हो ही गई। उनका तबादला हजारा थाना कर दिया है। पिछले महीने एक सिपाही और जुआरी के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था।
उस मामलें में सिपाही ने तत्कालीन सीओ लल्लन सिंह और इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह के पास डेढ़ से दो लाख रुपये महीना पहुंचने की बात स्वीकार की थी। इस मामले को जांच के नाम पर दबा दिया गया था। उनके स्थान पर अब तक माधोटांडा में तैनात इंस्पेक्टर रामसेवक को पूरनपुर भेजा गया है।
हाल ही में एसटीएफ की मदद से 25 हजार के इनामी की धरपकड़ एसओजी टीम ने की थी। लूट के मामलों में भी गुडवर्क किया था। उसके बाद से एसओजी प्रभारी गौरव विश्नोई अफसरों की गुड लिस्ट में आ गए थे। उनकी किसी थाने पर तैनाती की चर्चाएं भी विभाग में तेज हो गई थीं। अब ऐसा ही हुआ। गौरव बिश्नोई को माधोटांडा थाने का एसओ बनाया गया है। इंस्पेक्टर नरेश कुमार त्यागी को बीसलपुर कोतवाल बनाया है।
इससे पहले यहां पर कमल सिंह थे, जिनका गैर जनपद तबादला हो चुका है। जहानाबाद इंस्पेक्टर नरेश कश्यप भी बरेली स्थानांतरित हो गए हैं।उनके स्थान पर अब कमलेश कांत वर्मा को तैनाती दी गई है। यहां पर तैनाती पाने के लिए कई इंस्पेक्टर जोड़-तोड़ करने में लगे हुए थे। मगर, उनकी दाल नहीं गल सकी। इंस्पेक्टर खीम सिंह जलाल भी गैर जनपद चले गए।उनके स्थान पर अब बरखेड़ा थाने की कमान धीरज सिंह सोलंकी को मिली है।
सेहरामऊ उत्तरी के एसओ आशुतोष रघुवंशी और गजरौला थानाध्यक्ष इंद्र सिंह भी हटा दिए गए। आशुतोष को सुनगढ़ी थाना, जबकि इंद्र सिंह को डीसी आरबी का प्रभारी बनाया है। उनकी भी बीते दिनों शिकायत एसपी तक पहुंची थी। एक बेगुनाह को फर्जी मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने का आरोप इंस्पेक्टर गजरौला पर लगा था।वहीं, किसान नेताओं ने भी गजरौला इंस्पेक्टर को हटाने की मांग को लेकर हंगामा किया था। अब उनको हटाए जाने के पीछे किसान नेताओं की नाराजगी को ही वजह माना जा रहा है।
उनके स्थान पर इंस्पेक्टर योगेश कुमार सेहरामऊ उत्तरी और तेजपाल सिंह को गजरौला भेजा है। इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह एसओजी प्रभारी बनाए गए हैं। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर महेश सिंह की तैनाती जनपद न्यायालय सुरक्षा प्रभारी पद पर की गई है। बरखेड़ा, जहानाबाद और बीसलपुर के इंस्पेक्टरों का गैर जनपद तबादला पहले ही हो चुका था। हालांकि वह रिलीव नहीं हुए थे। ये तबादले चुनाव आयोग की सख्ती के बाद तीन साल से अधिक एक ही जिले में समय होने पर किए गए थे। इसी के चलते कई दिनों से थानाध्यक्षों के तबादलों की चर्चा जोर पकड़े हुए थी।
यह भी पढ़े-
पीलीभीत: सात साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, मां को देखकर भागा दरिंदा
