रामपुर: बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी का कटा एक दिन का वेतन
रामपुर, अमृत विचार। चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी जनार्दन प्रसाद उच्चाधिकारियों से अनुमति लिए बिना ही मुख्यालय छोड़कर घर चले गए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने काम नहीं तो वेतन नहीं के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटा दिया है। जिलाधिकारी पूर्व से ही बैठकों एवं विभिन्न अवसरों पर अधिकारियों और कर्मचारियों को …
रामपुर, अमृत विचार। चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी जनार्दन प्रसाद उच्चाधिकारियों से अनुमति लिए बिना ही मुख्यालय छोड़कर घर चले गए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने काम नहीं तो वेतन नहीं के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटा दिया है।
जिलाधिकारी पूर्व से ही बैठकों एवं विभिन्न अवसरों पर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते रहे हैं कि कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बिना सक्षम स्तर से अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे और आदेशों की अवहेलना करने पर सख्त कार्यवाही की भी चेतावनी दे चुके हैं।
चकबंदी संबंधी एक मामलों में जिलाधिकारी द्वारा बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को जरूरी अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर मामले के संबंध में वार्ता के लिए निर्देशित किया गया था। वार्ता के लिए उपस्थित होने के संबंध में अवगत कराने के दौरान बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने बताया कि वह निजी कार्य से मुख्यालय से बाहर हैं।
बंदोबस्त अधिकारी द्वारा अवकाश की अनुमति लिए बिना मुख्यालय छोड़ने पर सख्त कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने एक दिवस के वेतन की कटौती किए जाने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं, और निर्देशित किया है कि भविष्य में पुनरावृत्ति होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए शासन को पत्र प्रेषित कर दिया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनः निर्देशित किया है कि स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दायित्व के प्रति उदासीनता और लापरवाही पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
