मुरादाबाद: अधिवक्ता के बीमार होने के कारण छजलैट कांड की टली सुनवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट प्रकरण में सपा के कद्दावर नेता आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत अन्य सपाइयों पर दर्ज मामले में बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता को हार्ट अटैक आने के कारण उन्होंने स्थगन प्रार्थना पत्र दिया। जिसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए सात अक्टूबर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट प्रकरण में सपा के कद्दावर नेता आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत अन्य सपाइयों पर दर्ज मामले में बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता को हार्ट अटैक आने के कारण उन्होंने स्थगन प्रार्थना पत्र दिया। जिसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए सात अक्टूबर की तारीख नियत कर दी है।

क्या है पूरा मामला
मामला जनवरी वर्ष 2008 का है। सपा के कद्दावर नेता आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कार से बिजनौर की ओर जा रहे थे। छजलैट थाने के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कार के शीशे पर काली फिल्म होने के कारण पुलिस कर्मियों ने जब उनको रोका तो विवाद हो गया। बहस होने पर आजम खां छजलैट थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए। इसकी सूचना मिलते ही मंडल भर के तमाम सपा के पदाधिकारी भी मौके पर आ गए। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। इस मामले में छजलैट थाने में आजम खां व उनके बेटे समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। इसके अलावा लंबे समय तक कोर्ट में पेश न होने के कारण आजम खां पर छजलैट थाने में फरारी का एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया था।

अब सात अक्टूबर को होगी सुनवाई
इन दोनों मामलों में मौजूदा समय में एमपी-एमएलए पुनीत गुप्ता की कोर्ट में सुनवाई हो रही है। बुधवार को वर्ष 2008 में दर्ज मुख्य मामले में सुनवाई हुई। हालांकि सुनवाई से पहले ही आजम खां के अधिवक्ता शहनवाज शिफ्ते को हार्ट अटैक के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिस कारण उनकी ओर से कोर्ट में स्थगन प्रार्थना पत्र दिया गया। जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अगली तारीख सात अक्टूबर नियत की है।

संबंधित समाचार