पीलीभीत: 12 साल के मासूम समेत चार नए डेंगू के मरीज निकले
पीलीभीत, अमृत विचार। डेंगू की रोकथाम को लेकर किए जा रहे तमाम प्रयासों के बाद भी रोकथाम नहीं लग सकी। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में 12 साल के मासूम समेत चार लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। उसके बाद मलेरिया विभाग की टीम ने मरीजों का हाल जाना। संबंधित इलाकों में दवा का छिड़काव …
पीलीभीत, अमृत विचार। डेंगू की रोकथाम को लेकर किए जा रहे तमाम प्रयासों के बाद भी रोकथाम नहीं लग सकी। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में 12 साल के मासूम समेत चार लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। उसके बाद मलेरिया विभाग की टीम ने मरीजों का हाल जाना। संबंधित इलाकों में दवा का छिड़काव कराया। संदिग्ध लोगों की डेंगू और मलेरिया की जांच भी की गई। इसी के साथ जनपद में डेंगू मरीजों की संख्या 23 हो गई है।
पिछले एक माह से डेंगू पैर पसार रहा है। बीते दिनों सात सैंपल भेजे गए थे। उनकी लखनऊ से रिपोर्ट आई। इसमें चार नए केस निकले। उसमें जिला अस्पताल कैंपस निवासी 24 वर्षीय युवक, काशीराम ईदगाह कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय युवक, मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी 25 वर्षीय युवक और अमरिया के भैरुआ कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय बालक निकला। मोहल्ला शेर मोहम्मद में पॉजिटिव मिले युवक का बड़ा भाई दस दिन पहले डेंगू पॉजिटिव आया था।
टीम ने घर-घर जाकर मरीजों की जानकारी जुटाई। वहां साफ सफाई को लेकर निर्देशित किया। किसी के घर में डेंगू का लार्वा नहीं मिला। सहायक मलेरिया अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि सभी मरीज स्वस्थ्य हैं। दवा का छिड़काव कराया गया है। जिला अस्पताल कैंपस में सुपरवाइजर अमरनाथ रस्तोगी की अगुवाई में टीम गई थी। परिसर के 20 मकानों को चेक किया गया। उसमें पांच मकानों में डेंगू का लार्वा मिला। वहां पर दवा का छिड़काव करा दिया है।
सफाई दुरुस्त रखने की अपील स्थानीय लोगों से की गई है। उन्हें आवश्यक बातें बताकर जागरूक भी किया है। कैंपस की नालियों और मकान में दवा का छिड़काव कराया। उधर बुधवार को टीम ने शहर के मोहल्ला बुजकसवान, गांव टंडोला, गांव पौटा कला, गांव चटिया सेवाराम, गांव भूड़ा कैमोर में कैंप लगाया गया था। कैंप में कुल 194 लोगों की मलेरिया और 26 लोगों की डेंगू की जांच कराई गई। कोई भी पॉजिटिव नहीं निकला है।
