बरेली: दांतों की सुरक्षा है सबसे जरूरी, नाटक के जरिए किया जागरूक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इंडियन सोसाइटी ऑफ पीडियाट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री के तत्वावधान में आयोजित टीचर्स डे सेलिब्रेशन वीक (4 से 11 सितंबर तक) में प्रतिभाग करने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ डेन्टल साइंसेज और बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के बाल दंत रोग विभाग ने जनपद के कई सरकारी व निजी स्कूलों के शिक्षकों को सम्मानित किया। इस …

बरेली, अमृत विचार। इंडियन सोसाइटी ऑफ पीडियाट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री के तत्वावधान में आयोजित टीचर्स डे सेलिब्रेशन वीक (4 से 11 सितंबर तक) में प्रतिभाग करने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ डेन्टल साइंसेज और बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के बाल दंत रोग विभाग ने जनपद के कई सरकारी व निजी स्कूलों के शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान बाल दंत रोग विभाग के विभागाध्यक्ष व प्राचार्य डा. सत्यजीत नायक के निर्देशन में शिक्षकों व छात्रों को मुंह व दांत के रोग एवं उसके उपचार के संबंध में जानकारी दी गई।

बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में देश के कई शहरों के स्कूल के छात्र भी सम्मिलित हुए। इन शहरों के लगभग 200 शिक्षकों को डेंटल टॉक दिये गये व उन्हें ओरल हेल्थ के बारे में जानकारी व आचरण के बारे में बताया गया। इसके तहत बरेली के ही लगभग 31 विद्यालयों के 635 शिक्षकों को स्कूल में जाकर संबोधित किया गया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को दांतों व मुंह संबंधी बीमारियों, उनके इलाज व उनसे बचाव के लिए जागरूक करना रहा ताकि वह विद्यार्थियों के स्वास्थ्य व आने वाले कल को बेहतर बना सकें। नाट्य प्रस्तुति के जरिए लोगों को दांतों की सफाई व सुरक्षा के लिए प्रेरित किया और शिक्षकों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करायी गयी। मॉडल डेमोस्ट्रेशन के द्वारा दांतों व मुंह की बीमारी, दूध के दांतों की महत्ता व उनकी सुरक्षा आदि के लाभ बताए गए। इनमें ड्राइंग, वीडियोज, क्राफ्ट एक्टिविटीज, पोयम आदि के माध्यम से बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी।

शिक्षकों व बच्चों के लिये पांच अलग तरह की प्रतियोगिता कराई गईं व शिक्षकों को उनके प्रयासों के लिये एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्यों को सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर व मोमेन्टो देकर सम्मानित किया। छह विशेष वर्ग के स्कूलों के 30 से ज्यादा शिक्षकों को जागरूक किया ताकि वह शारीरिक व मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों को उनके ढंग से अधिक प्रभावी रूप से दांतों व मुंह की स्वच्छता व सुरक्षा के विषय में समझा सकें।

बाल दंत रोग विभाग की परास्नातक की छात्राओं ने स्पंज बाल व अक्राइलिक से दो विभिन्न टूथब्रश बनाये, जिससे इन स्पेशल बच्चों को ब्रश बेहतर रूप से पकड़ने में आसानी हो। कॉलेज के प्राचार्य व बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सत्यजीत नायक ने बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर डा. केशव कुमार अग्रवाल, प्रो. चांसलर डा. अशोक अग्रवाल, वाइस चांसलर डा. लता अग्रवाल, प्रोवाइस चांसलर डा. किरन अग्रवाल को उनके प्रोत्साहन व सहयोग के लिये आभार प्रकट किया।

संबंधित समाचार