बरेली: 1 लाख का 70 लाख रुपये ब्याज मांग रहा सूदखोर
बरेली, अमृत विचार। एक लाख रुपये ब्याज पर देने के बाद सूदखोर अब उसके बदले 70 लाख ब्याज मांग रहा है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के पीड़ित किसान ने जब मना किया तो सूदखोर ने उसकी 51 बीघा जमीन का बैनामा अपने नाम पर करा लिया। पीड़ित किसान ने जब मामले की शिकायत की तो पुलिस …
बरेली, अमृत विचार। एक लाख रुपये ब्याज पर देने के बाद सूदखोर अब उसके बदले 70 लाख ब्याज मांग रहा है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के पीड़ित किसान ने जब मना किया तो सूदखोर ने उसकी 51 बीघा जमीन का बैनामा अपने नाम पर करा लिया। पीड़ित किसान ने जब मामले की शिकायत की तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बुधवार को पडवा गांव के रहने वाले भीमसेन पुत्र होरीलाल ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
भीमसेन ने बताया कि वह खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। कस्बे के ही रहने वाले एक युवक से उन्होंने 1 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। इसके बाद सूदखोर ने गारंटी के तौर पर कुछ जमीन अपने साथियों के नाम पर करा दी। आरोप है कि कुछ समय बाद सूदखोर फिर उनके पास आया और एक लाख का ब्याज बताकर दो लाख रुपये की मांग करने लगा।
पीड़ित किसान ने गन्ने की फसल बिकने के बाद सारी रकम ब्याज सहित वापस करने की बात कही। लेकिन सूदखोर ने दबंगाई के बल पर उसकी 51 बीघा जमीन अपने कई साथियों के नाम पर करा दी। अब वह ब्याज के 70 लाख रुपये बताकर परेशान कर रहा है।
