बरेली: सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग ने 3 साल में किए 300 से ज्यादा ओरल कैंसर मरीजों के ऑपरेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल और इंडियन डेंटल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार रात स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ओरल कैंसर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ओरल कैंसर स्क्रीनिंग और दंत चिकित्सकों की इस रोग के बचाव में भूमिका पर आधारित विषय पर विशेषज्ञों ने लोगों को विस्तार …

बरेली, अमृत विचार। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल और इंडियन डेंटल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार रात स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ओरल कैंसर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ओरल कैंसर स्क्रीनिंग और दंत चिकित्सकों की इस रोग के बचाव में भूमिका पर आधारित विषय पर विशेषज्ञों ने लोगों को विस्तार से जानकारी दी। बताया कि तंबाकू, धुम्रपान और गुटखे के सेवन से लोगों में सबसे ज्यादा कैंसर रोग का खतरा देखा जा रहा है। जीवनशैली और दिनचर्या में लापरवाही के कारण भी कैंसर रोग का प्रभाव लोगों पर हो रहा है।

एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में इस रोग के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डा. अर्जुन अग्रवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि नई तकनीक के जरिए कैंसर की जांच पहले की अपेक्षा आसान हुई है। वेलोस्कोपी और डीएनए प्लॉयडी के जरिए भी मरीजों की जांच होने लगी है।

बताया कि पिछले तीन वर्षों में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में अब तक 300 से ज्यादा ओरल कैंसर मरीजों का ऑपरेशन किया गया है। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के डा. आमिर मलीक सैफी ने बताया कि समय से और बेहतर उपचार से इस रोग से लोगों को निजात दिलाई जा सकती है। अब इस रोग से वेलोस्कोपी और मरीजों की स्क्रीनिंग कर बचाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि ओरल कैंसर की शुरूआत ज्यादातर मुंह में छालों से शुरू होता है और लोग ध्यान नहीं देते। जबकि शुरूआत में ही यदि इसका उपचार मिल जाए तो इस रोग से लोगों को जान नहीं गंवानी पड़ेगी। इससे पूर्व इंडियन डेंटल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. अभिजीत जौहरी, सचिव डा. नीरज चंद्रा ने उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सकों का पुष्प गुच्छ देकर अभिवादन किया। इस अवसर पर प्रोफेसर अनुराग यादव, डा. आकाश, डा. अनूप, डा. अक्षय, डा. गौरव सहित अन्य डॉक्टर उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार