बिजनौर: महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने लूटी सोने की चेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। बुधवार देर शाम कपड़ा व्यापारी की पत्नी के गले से पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक से घटना के खुलासे की मांग की । भाजपा एवं व्यापारी नेता कुलदीप सिंह चौहान कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर में फतेहाबाद रोड पर …

बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। बुधवार देर शाम कपड़ा व्यापारी की पत्नी के गले से पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक से घटना के खुलासे की मांग की ।

भाजपा एवं व्यापारी नेता कुलदीप सिंह चौहान कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर में फतेहाबाद रोड पर स्थित विकास कॉलोनी में रहते हैं । रामलीला ग्राउंड नूरपुर में उनकी कपड़े की दुकान है। दुकान पर उनकी पत्नी रमा रानी बैठी थी । बुधवार की शाम रमा रानी दुकान बंद करके पैदल ही अपने घर को जा रही थी । जैसे ही वह पोस्ट ऑफिस के निकट पहुंची तो पीछे से आ रहे पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से सोने की कीमती चेन खींच ली।

महिला ने एक बार तो चेन खींचने का विरोध किया लेकिन बदमाशों ने तुरंत ही दोबारा हमला कर गले की चेन लूट ली और फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए तथा पुलिस को सूचना दी। उधर कपड़ा व्यापारी की पत्नी से चेन लूट की घटना से गुस्साए पश्चिमी उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश पदाधिकारी तस्लीम अहमद इदरीसी के नेतृत्व में कई व्यापारी सुबह 10 बजे थाने पहुंचे तथा घटना के बारे में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वर्मा से मिले।

व्यापारियों ने नगर में बढ़ती चोरी एवं अभी तक चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश न होने को लेकर नाराजगी जाहिर की। प्रतिनिधि मंडल को प्रभारी निरीक्षक ने शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया। व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल में नगर अध्यक्ष सरदार रविंदर सिंह मिक्की, मुकुल गुप्ता, संदीप जोशी, अंकित जोशी, शाहनवाज मलिक, जावेद इदरीसी तथा मयंक चौहान आदि शामिल रहे।

घटना के संबंध में पीड़िता रामा रानी ने पुलिस को लिखित तहरीर दे दी है। गौरतलब है कि पिछले 6 माह में एक के बाद एक चोरियों की कई वारदातें हो चुकी हैं । लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ रख कर बैठी है। उनका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। व्यापारी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

संबंधित समाचार