बरेली: कर विभाग ने कुतुबखाना में बकायेदारों की दुकानें कीं सील
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की टीम ने संपत्ति कर के करोड़ों रुपये के बकाया वसूली के लिए गुरुवार को अभियान शुरू किया। नगर निगम के कर विभाग के सबसे बड़े बकायेदारों में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के डीडीपुरम और सिविल लाइंस के कार्यालय भी हैं। बीएसएनएल के इन दोनों भवनों पर निगम का …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की टीम ने संपत्ति कर के करोड़ों रुपये के बकाया वसूली के लिए गुरुवार को अभियान शुरू किया। नगर निगम के कर विभाग के सबसे बड़े बकायेदारों में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के डीडीपुरम और सिविल लाइंस के कार्यालय भी हैं। बीएसएनएल के इन दोनों भवनों पर निगम का एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा का कर कई सालों से बाकी है, जिसे जमा नहीं किया गया है। हालांकि कर विभाग की टीम ने इन्हें सील तो नहीं किया है लेकिन अफसरों को अंतिम चेतावनी दे दी है। इधर कुतुबखाना में टीम ने लाखों रुपये का कर जमा न करने पर दो दुकानों को सील किया। इस दौरान टीम को हल्का विरोध भी झेलना पड़ा।
नगर निगम की टैक्स विभाग की टीम राजस्व निरीक्षक सचिदानंद व अनुज गौर के नेतृत्व में वसूली अभियान के लिए सड़कों पर उतरी। टीम सबसे पहले कुतुबखाना में गली नवाबन में दुकानदार मुतव्वली जावेदन कमाल की दुकान पहुंची। टीम का कहना था कि दुकानदार ने वर्ष 2014 के पहले से नगर निगम को संपत्ति कर की अदायगी नहीं की है। इन पर करीब 6.60 लाख रुपये का बकाया हो गया है।
वहीं पास में रहमानुल हक मुतव्वली नाम के एक और दुकानदार पर 1.59 रुपये का टैक्स बकाया था, जिसे उन्होंने नगर निगम को जमा नहीं किया था। कर विभाग की टीम ने इन दोनों ही दुकानों को सील करने की कार्रवाई की। हालांकि इस दौरान दुकानदारों ने विरोध किया लेकिन निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी कर दी। इससे वहां दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
बीएसएनएल ने सात साल से नहीं भरा संपत्ति कर
इसके अलावा निगम के टैक्स विभाग का काफी मोटा बकाया बीएसएनएल के दफ्तरों पर भी है। टैक्स विभाग के इंस्पेक्टरों ने बताया कि बीएसएनएल के सिविल लाइंस कार्यालय पर करीब 61 लाख और डीडीपुरम कार्यालय पर 41 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया है, जिसे करीब सात साल से अदा नहीं किया गया है। कर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बकाया टैक्स की वसूली का अभियान शुक्रवार को भी जारी रहेगा।
