बरेली: पढेरा के प्रधान से मोबाइल पर बात करते थे इंस्पेक्टर और सिपाही
संजय शर्मा, बरेली। किस्मत से पुलिस के हाथ लगे पढ़ेरा गांव के स्मैक तस्कर प्रधान छोटे की अपने इलाके के इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक अच्छी सेटिंग थी। यही नहीं उसने दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच को भी शीशे में उतारक रखा था। वे लोग उसके यहां आते थे और हिस्से की कमाई ले जाते …
संजय शर्मा, बरेली। किस्मत से पुलिस के हाथ लगे पढ़ेरा गांव के स्मैक तस्कर प्रधान छोटे की अपने इलाके के इंस्पेक्टर से लेकर सिपाही तक अच्छी सेटिंग थी। यही नहीं उसने दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच को भी शीशे में उतारक रखा था। वे लोग उसके यहां आते थे और हिस्से की कमाई ले जाते थे।
दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने कभी फतेहगंज पूर्वी पुलिस को यह बताया ही नहीं कि वे किसके यहां और क्यों जा रहे हैं। वहीं फतेहगंज पूर्वी के इंस्पेक्टर और सिपाहियों तक से तस्कर प्रधान का याराना था। वह थाने में काम कराने से लेकर होली और दिवाली तक का खर्च पुलिस के कुछ लोगों को दिया करता था।
प्रधान की कॉल डिटेल निकालकर जब क्राइम ब्रांच ने चेक की तो पता चला कि प्रधान की दिल्ली से लेकर लखनऊ के तमाम लोगों से बात होती थी। यह भी पता चला कि कुछ दिनों में प्रधान और वहां तैनात एक इंस्पेक्टर की लगभग 15 बार बात हुई थी। साथ ही थाने में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों से भी प्रधान छोटे बात करता था। प्रधान की कॉल डीटेल में कुछ सफेदपोश लोगों के नंबर भी शामिल हैं। इस मामले में क्राइम ब्रांच की तैयार हो रही रिपोर्ट पूरी होने के बाद उसे एसएसपी को सौंपी जाएगी। जिसके बाद दोषी दरोगा और सिपाहियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फंसे इंस्पेक्टर तो आने लगे फाने
जांच में इंस्पेक्टर के फंसने की बात सामने आई तो उनके भी होश उड़ गए। पहले तो उन्होंने जिले के अफसरों से ही खुद को बचाने की सिफारिश की। लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्होंने लखनऊ में बैठे अधिकारियों से सिफारिश करानी शुरू कर दी है। हालांकि इस बार उनकी दाल गलती नजर नहीं आ रही है।
15 करोड़ की संपत्ति है तैमूर के पास
स्मैक तस्कर तैमूर उर्फ भोला दिल्ली में रह जरूर रहा था। लेकिन उसने 2018 से 2020 तक दो सालों में करोड़ों की संपत्ति फरीदपुर और उसके आसपास में खरीदी थी। पुलिस टीम ने उसकी संपत्ति को चिह्नित किया है। उसे बी वारंट में बरेली लाने के बाद पुलिस उसकी संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई करेगी।
पुलिस और प्रधान के बीच में यदि कोई संपर्क निकलता है तो पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही तैमूर को जल्द ही बी वारंट पर दिल्ली से बरेली लाया जाएगा। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
