मुरादाबाद : गक्खरपुर में डेंगू संदिग्ध एक और वृद्ध ने तोड़ा दम, दो मौतों के बाद गांव में खौफ का मंजर
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले के गक्खरपुर गांव में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को डेंगू संदिग्ध एक और वृद्ध ने दम तोड़ दिया है। दो दिन में दो मौतों के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं 20 और मरीजों में डेंगू में डेंगू की पुष्टि हो गई है। जबकि गांव …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले के गक्खरपुर गांव में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को डेंगू संदिग्ध एक और वृद्ध ने दम तोड़ दिया है। दो दिन में दो मौतों के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं 20 और मरीजों में डेंगू में डेंगू की पुष्टि हो गई है। जबकि गांव में नौ और डेंगू संदिग्ध मिले हैं। जिनकी एलाइजा जांच के लिए सैंपल भेजा गया। अब जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है।
बीते रविवार को गांव में पांच लोग डेंगू पॉजिटिव और 100 से अधिक बुखार के रोगी मिले थे। सीएमओ ने खुद मौके पर पहुंचकर मरीजों की जांच कर एहतियाती उपाय कराया था। गुरुवार को डेंगू संदिग्ध 90 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं शुक्रवार को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग जिसका उत्तराखंड के काशीपुर में एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, उसकी मौत हो गई। हालांकि, सीएचसी प्रभारी डॉ. विशाल दिवाकर का कहना है सरकारी स्तर पर डेंगू की जांच नहीं हुई थी। बुजुर्ग किडनी, मधुमेह से भी पीड़ित था। मौत डेंगू से हुई है या नहीं। इसकी जानकारी संबंधित अस्पताल से रिपोर्ट मंगाकर देखने के बाद स्पष्ट होगा।
गांव के प्रधान रईस अहमद का कहना है कि बुजुर्ग की मौत हुई है। परिवार के लोग डेंगू के लक्षण की जानकारी निजी चिकित्सक के हवाले से दे रहे हैं। साथ ही वह किडनी और मधुमेह से भी ग्रसित थे। वहीं शुक्रवार को डेंगू प्रभावित लाल टीका गांव में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव पहुंचे। यहां गुरुवार को एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई थी। उन्होंने गांव में पीड़ित मरीज के अलावा आसपास के लोगों की भी रक्त जांच का नमूना संकलित कराया। डिप्टी सीएमओ ने गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया। लोगों को अपने घर और आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया।
सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग का कहना है कि गक्खरपुर में बुजुर्ग की मौत के बारे में जानकारी ले रहे हैं। उसके इलाज और जांच की रिपोर्ट सीएचसी प्रभारी के माध्यम से मंगाया है।
