मुरादाबाद: फुफेरे भाई ने दोस्त के साथ मिलकर की थी बीटेक के छात्र की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुरादाबेद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में 25 सितंबर को ग्राम गणेश घाट में हुई बिलारी के गांव ढाकिया नरू निवासी बीटेक के छात्र सुधीर सैनी की हत्या का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया। सुधीर सैनी की हत्या उसी के सगे फुफेरे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की …

मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुरादाबेद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में 25 सितंबर को ग्राम गणेश घाट में हुई बिलारी के गांव ढाकिया नरू निवासी बीटेक के छात्र सुधीर सैनी की हत्या का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया। सुधीर सैनी की हत्या उसी के सगे फुफेरे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने हत्या में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि इस घटना का मास्टरमाइंड अभी फरार है।

घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित कुमार आनंद और सीओ हाईवे डॉक्टर गणेश गुप्ता ने बताया कि 23 सितंबर को बिलारी के गांव ढकिया गांव निवासी सुधीर सैनी कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। वह बरेली के एक कालेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। 25 सितंबर को उसका शव मुंडापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम गणेश घाट के जंगल में मिला था। शव के पास मिले लाइब्रेरी के पहचान पत्र से मृतक की पहचान सुधीर के रूप में हुई थी।

मृतक के पिता वीरेंद्र सिंह ने इस मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना में मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर की शिव नगर कॉलोनी निवासी परिवेंद्र पूर्व वरविंदर और रामपुर जनपद के थाना सिविल लाइंस के ज्वाला नगर निवासी शुभम सिंह का नाम प्रकाश में आया। उन्होंने बताया कि आरोपी शुभम मृतक सुधीर की बुआ का बेटा है। सुधीर अपनी सौतेली बहन के साथ मारपीट करता था। उसने इसकी शिकायत शुभम से की थी। शुभम के युवती से अच्छे संबंध थे। इसी को लेकर शुभम ने अपने दोस्त परविंदर के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।

वह 22 सितंबर को सुधीर को लेने के लिए मुरादाबाद गए थे मगर वह नहीं आया। शुभम ने 23 तारीख को पहले फोन पर सुधीर से बात की। उसने आने के लिए कहा तो शुभम अपने दोस्त के साथ उसे लेने के लिए मुरादाबाद पहुंच गया। उसके बाद तीनों बाइक से मूंढा पांडे के गांव गणेश घाट पहुंचे।

शुभम मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला था और उसे इस गांव की भौगोलिक स्थिति की भली-भांति जानकारी थी। इसलिए वह सुधीर को अपने खेत के पास ले गया। वहां तीनों ने पहले जमकर शराब पी। इसके बाद शुभम ने उस पर गंडासे से वार कर दिया। शराब की बोतल से भी उसके पेट में अंधाधुंध वार किए। फिर सबूत मिटाने के लिए परविंदर ने बाइक से पेट्रोल निकालकर सुधीर पर डाला और आग लगा दी।

उन्होंने उसके कपड़े भी कुछ दूर ले जाकर जला दिए। पुलिस ने परविंदर की निशानदेही पर सुधीर की रक्तरंजित शर्त बरामद कर ली है। सीओ हाईवे ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपने अपने घर चले गए। जानकारी मिलने पर शुभम घटनास्थल पर भी आया था। एसपी सिटी ने बताया कि इस घटना के मास्टरमाइंड शुभम की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

इसे भी पढ़ें…

मुरादाबाद: बीएसए कार्यालय व प्राथमिक विद्यालयों में जयंती पर याद किए गए बापू, शास्त्री

संबंधित समाचार