मुरादाबाद : 17 लाख के लिए किया था स्क्रैप कारोबारी का अपहरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। चार दिन पूर्व कटघर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े अगवा किए गए स्क्रैप कारोबारी को कटघर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने वीडियो काल करके कारोबारी के परिवार से 17 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पीड़ित की पत्नी ने आधी रात को थाने जाकर पति को छुड़ाने की गुहार लगाई …

मुरादाबाद, अमृत विचार। चार दिन पूर्व कटघर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े अगवा किए गए स्क्रैप कारोबारी को कटघर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने वीडियो काल करके कारोबारी के परिवार से 17 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पीड़ित की पत्नी ने आधी रात को थाने जाकर पति को छुड़ाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस और एसओजी ने छह घंटे में पीड़ित को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही एक आरोपी को भी दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला रहमत नगर करूला निवासी इरशाद ई-कचरा कारोबारी हैं। उनकी पत्नी सईदा ने बताया कि उनके देवर मुहम्मद शान कबाड़ का काम करते हैं। शान ने गाजियाबाद के डासना में ई-कचरा का प्लांट लगाया था। गाजियाबाद जनपद के मुरादनगर थानाक्षेत्र के मोहल्ला मिलक नगर निवासी शकील उर्फ चिकना, नई दिल्ली के थाना कृष्णा नगर के चिलमपुर निवासी रिजवान व इमरान ई-कचरा सप्लाई करने का काम करते थे। शकील, रिजवान और कदीर ने मिलकर करीब 22 लाख रुपये का माल शान को उधार दिया था। इस बीच शान फैक्ट्री बंद करके फरार हो गया। उसने तीनों आरोपियों के पैसे भी नहीं दिए थे। दबाव डालने के बाद शान ने पांच लाख रुपये लौटा दिए थे, जबकि 17 लाख रुपये बाकी रह गए थे।

एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि शकील अपने साथियों के साथ कार द्वारा 30 सितंबर को मुरादाबाद आया। इसके बाद उन्होंने शान को फोन मिलाया, लेकिन उसका फोन नहीं लगा। तब आरोपियों ने शान के बड़े भाई मोहम्मद इरशाद को फोन मिलाया। जब उसने फोन उठाया तो शकील उर्फ चिकना ने उसे बहाने से कटघर थाना क्षेत्र के करूला गली नंबर एक के बाहर बुलाया और जबरन उसे कार में डाल लिया। इसके बाद शकील ने इरशाद को बंधक बनाकर अपने घर में रखा।

इस दौरान उसकी जमकर पिटाई की गई और फिर जंजीर से हाथ-पैर बांधकर पीड़ित की पत्नी को वीडियो कॉल की। आरोपियों ने धमकी दी कि वह 17 लाख रुपये लेकर आए, वरना उसके पति को जान से मार देंगे। परिवार के लोग पहले आरोपियों से बात करके इरशाद को छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन जब उन्होंने नहीं सुनी तो दो अक्टूबर को देर रात सईदा ने कटघर थाने पहुंचकर पति के अपहरण की सूचना दी।

मामले की जानकारी होने के बाद एसपी सिटी अमित कुमार आनंद, सीओ कटघर मनीष कुमार यादव के साथ ही थाना प्रभारी आरपी शर्मा के नेतृत्व में एक टीम तत्काल गाजियाबाद भेजी गई। टीम ने शकील उर्फ चिकना के घर में बंधक बने इरशाद को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही शकील उर्फ चिकना को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से वह जंजीर भी बरामद कर ली है जिससे इरशाद को बंधा गया था। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों फरार आरोपी रिजवान और इमरान सगे भाई हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

बिरयानी खिलाने के बहाने किया अपहरण
स्क्रैप कारोबारी ने बताया कि शकील और उसके चार साथियों ने उसे बिरायनी खिलाने के बहाने उसे कार में बैठाया था। उसने इन्कार किया तो जबरन कार में खींच लिया। उसने शोर भी मचाया मगर किसी ने उसकी मदद नहीं की। यह सारी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

एसी गाड़ी में भी इरशाद को छूट रहे थे पसीने
इंस्पेक्टर कटघर आरपी शर्मा ने बताया कि इरशाद को सकुशल बरामद करने के बाद जब उन्होंने उसे अपनी गाड़ी में बैठाया तो एसी के बावजूद उसके पसीने छूट रहे थे। वह बुरी तरह घबराया हुआ था। बार-बार पुलिस कर्मियों के पैर पकड़ रहा था। उसकी हालत देख पुलिस भी घबरा गई थी।

फरिश्ता बनकर पहुंची पुलिस : इरशाद
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटकर आए इरशाद ने बताया कि पुलिस उसके लिए फरिश्ता साबित हुई। उसने तो अपने जीवित बचने की आस ही छोड़ दी थी। आपबीती सुनाते हुए इरशाद पुलिस लाइन सभागार में फूट-फूटकर रोने लगा। इस पर एसपी सिटी ने उसे सांत्वना दी और पुलिस कर्मियों से पानी पिलाने को कहा। उसने पत्रकारों को अपहरणकर्ताओं के क्रूर व्यवहार के बारे में जानकारी दी। इरशाद के अनुसार अपहरण के बाद आरोपियों ने उसे जमकर पीटा। पीने के लिए पानी तक भी नहीं दिया। शकील के घर में जंजीर से बांधकर जानवरों की तरह पिटाई की गई। उसने पुलिस को अपनी जान बचाने के लिए धन्यवाद दिया।

संबंधित समाचार