अयोध्या: तेज बारिश से जगह-जगह हुआ जलभराव, हनुमानगढ़ी में टला बड़ा हादसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले में मंगलवार की सुबह अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। सवा घंटे में 30 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान शहर में कई जगहों पर फिर से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे दावों का पुल बांधने वाले नगर निगम की पोल खुल गई। आठवीं तक के स्कूलों में छुट्टियां कर …

अयोध्या। जिले में मंगलवार की सुबह अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। सवा घंटे में 30 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान शहर में कई जगहों पर फिर से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे दावों का पुल बांधने वाले नगर निगम की पोल खुल गई। आठवीं तक के स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई। वहीं ग्रामीण इलाकों में धान और गन्ने की फसलें प्रभावित हुई। सुबह छह बजे ही बादल गरजने लगे थे। साढ़े छह बजे तक बारिश ने अपना रौद्र रूप दिखा दिया।

सवा घंटे तक लगातार तेज बारिश होती रही। बारिश के कारण वे सभी इलाके फिर से जलमग्न हो गए, जहां पर पिछली बार निगम ने सफाई कराई थी। जनौरा, कौशलपुर, नवीन मंडी और गद्दोपुर का बुरा हाल हो गया। इन इलाकों में जलभराव हो जाने के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। वहीं भारी बरसात को देखते हुए कनौसा सहित कई स्कूलों में आठवीं तक के बच्चों की छुट्टियां कर दी गई।

वहीं ग्रामीण इलाकों में बेमौसम हुई बरसात ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें ला दी हैं। उनकी धान की फसलें काफी प्रभावित हुई हैं। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के हेड सीताराम ने बताया कि मंगलवार को जिले में कहीं-कहीं बारिश हुई है। आने वाले दिनों में भी कहीं-कहीं छिटपुट बारिश की संभावना है।

हनुमानगढ़ी की रेलिंग में उतरा करंट

अयोध्या हनुमानगढ़ी में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारिश के दौरान मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार स्थित रेलिंग में करंट उतरने से हड़कंप मच गया, जिससे लगभग 10 मिनट तक दर्शन बाधित रहा। बताया जाता है कि लोहे के पाइप में केबल के सटने के बाद करंट उतरा था। एकाएक हुई बारिश के बाद बंदरों को झटका लगा तो करंट का पता चला। आनन-फानन में दर्शनार्थियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई और बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाया गया। कर्मचारियों ने केबिल को काटकर वहां से हटाया और सुचारू रूप से काम शुरू कराया।

संबंधित समाचार