लखीमपुर हिंसा: किसान गुरविंदर का दोबारा पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार, अब रिपोर्ट का इंतजार
बहराइच। लखीमपुर खीरी हिंसा में जान गवाने वाले किसान गुरविंदर सिंह का दोबारा पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं थे। उनका आरोप था कि उनके बेटे गुरविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। मगर पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसका कोई जिक्र नहीं …
बहराइच। लखीमपुर खीरी हिंसा में जान गवाने वाले किसान गुरविंदर सिंह का दोबारा पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से परिजन संतुष्ट नहीं थे। उनका आरोप था कि उनके बेटे गुरविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। मगर पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसका कोई जिक्र नहीं किया गया था। इसके बाद परिजनों की मांग पर मंगलवार को गुरविंदर का दोबारा से पोस्टमार्टम किया गया। अब परिजनों को रिपोर्ट का इंतजार है।
विशेषज्ञों के पैनल की निगरानी में किया गया था पोस्टमार्टम
पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने बताया कि किसान गुरविंदर सिंह के पोस्टमार्टम की निगरानी के लिए चिकित्सकों का एक विशेषज्ञ पैनल लखनऊ से आया था। इस पैनल के निर्देशन में ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी की जाएगी। बताते चलें कि रविवार को लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में जान गंवाने वालों में दो किसान बहराइच के भी थे। इनमें से गुरविंदर सिंह (22) के परिजनों और किसान संगठनों ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि गुरविंदर की मौत कनपटी पर गोली लगने से हुई है लेकिन लखीमपुर से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने का जिक्र नहीं है।
हेलीकॉप्टर से भेजा गया विशेषज्ञों का पैनल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने का कोई जिक्र नहीं होने की वजह से परिजनों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था और दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग करने लगे। मंगलवार शाम किसान नेता राकेश टिकैत भी अपने लाव लश्कर सहित बहराइच के मोहरनिया गांव पहुंचे थे। सरकार ने दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति देते हुए लखनऊ से पांच विशेषज्ञ चिकित्सकों का पैनल हेलीकॉप्टर से बहराइच भेजकर पोस्टमार्टम कराया। बुधवार तड़के करीब चार बजे पोस्टमार्टम सम्पन्न होने के बाद सुबह ही गांव में अंतिम संस्कार करा दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगी गोली लगने या न लगने की पुष्टि
गुरविंदर सिंह के दोबारा हुए पोस्टमार्टम में किसान को गोली लगने की पुष्टि हुई या नहीं, अभी यह बात सामने नहीं आई है। जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र सिंह ने कहा कि लखीमपुर की घटना में मारे गए बहराइच निवासी गुरविंदर सिंह के परिवार ने पोस्टमार्टम पर संदेह जताते हुए शव के दोबारा पोस्टमार्टम का अनुरोध किया था। किसान संगठन भी दोबारा पोस्टमार्टम की बात कह रहे थे। राज्य सरकार की अनुमति के बाद दोबारा पोस्टमार्टम किया गया। साथ ही पूरे पोस्टमार्टम के लिए वीडियोग्राफी भी कराई गई। गुरविंदर के अंतिम संस्कार के समय किसान नेता राकेश टिकैत, किसान संगठन के अन्य नेता, गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार, जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह समेत पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें…
