बरेली: दोस्तों से कहा, मरने जा रहा हूं फिर खा लिया जहर
बरेली, अमृत विचार। दो माह से वेतन न मिलने से परेशान युवक ने शराब पी और फिर दोस्तों से मरने की बात कहकर वहां से चला गया। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुभाषनगर …
बरेली, अमृत विचार। दो माह से वेतन न मिलने से परेशान युवक ने शराब पी और फिर दोस्तों से मरने की बात कहकर वहां से चला गया। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुभाषनगर के गणेश नगर में किराये पर रहने वाले चंद्रपाल सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। कुछ समय पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। उनका बेटा अनुज उर्फ अन्नू (22) एक साड़ी के शोरूम में सेल्समैन था। पिता के नौकरी छोड़ने के बाद अनुज पर ही बुजुर्ग मां-बाप की जिम्मेदारी थी। चंद्रपाल ने बताया कि अन्नू को दो माह से वेतन नहीं मिला था। वह मंगलवार को उनसे 200 रुपये लेकर घर से गया था। रात में जब वह घर पहुंचा तो पता चला कि उसने जहर खा लिया है। परिवार के लोग उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे में होने के कारण दोस्तों ने गौर नहीं किया
अनुज शराब पीकर अपने मोहल्ले में पहुंचा और दोस्तों से बोला कि वह मरने जा रहा है। लोगों ने उसे नशे में समझकर उसकी बात पर गौर नहीं किया और उसे जाने दिया। दोस्तों का कहना है कि वह इससे पहले भी एक बार मरने की बात कह चुका था।
सामने आ रही कर्ज की बात
लोगों का कहना है कि अनुज ने कुछ लोगों से रुपये उधार लिए थे। वह लोग अपने रुपये वापस मांग रहे थे। इस बात से भी अनुज कुछ परेशान चल रहा था। लोगों का कहना है कि इस कारण भी अनुज ने जहर खाकर जान दी है।
