बरेली: तस्कर छोटे प्रधान की 49 करोड़ की संपत्ति सीज करेगी एनसीबी
बरेली, अमृत विचार। सालों से स्मैक की तस्करी करके काली कमायी से प्रधान बनने वाले पढ़ेरा के छोटे की चल-अचल संपत्ति पूर्व में 22 करोड़ रुपये की आंकी गयी थी लेकिन उसकी संपत्ति को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। वर्तमान सर्किल रेट के अनुसार तस्कर प्रधान छोटे की 49 करोड़ रुपये की संपत्ति है। …
बरेली, अमृत विचार। सालों से स्मैक की तस्करी करके काली कमायी से प्रधान बनने वाले पढ़ेरा के छोटे की चल-अचल संपत्ति पूर्व में 22 करोड़ रुपये की आंकी गयी थी लेकिन उसकी संपत्ति को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। वर्तमान सर्किल रेट के अनुसार तस्कर प्रधान छोटे की 49 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
बरेली पुलिस की रिपोर्ट के बाद पहली बार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) तस्कर प्रधान पर कार्रवाई करेगा। एनसीबी ने तस्कर की संपत्ति को सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। करीब एक माह में एनसीबी के तस्कर छोटे की सभी प्रकार की संपत्तियों को सीज कर देगा। एनसीबी की कार्रवाई के बाद इस संपत्ति का प्रयोग फिर कोई और नहीं कर सकेगा।
अगस्त में स्मैक की बड़ी खेप के साथ फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के ग्राम पढ़ेरा का तस्कर शहीद खां उर्फ छोटे और उसके भतीजे सैफ को गिरफ्तार किया गया था। तस्कर के भाई, दोनों पत्नियों, भाभी व बेटों को भी मामले में पुलिस ने नामजद किया गया था। छोटे कुछ माह पहले ही काली कमायी लुटाकर प्रधान भी बना था।
पुलिस ने जब उसकी संपत्ति जांची तो पता चला कि उसके पास 22 करोड़ रुपये की संपत्ति है जो उन्होंने स्मैक की तस्करी करके कमायी है। पुलिस ने पहली बार तस्कर की शिकायत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी)से की है। एनसीबी इस मामले में एक माह के अंदर उसकी संपति को सीज करा देगी।
प्रधान छोटे की संपत्ति का आंकलन लगाकर पुलिस ने अपनी रिपोर्ट एनसीबी को भेज दी है। इसके बाद एनसीबी जल्द ही उसकी संपत्ति पर कार्रवाई करेगी। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
