अमरोहा : घरों पर गिरा उच्च शक्ति विद्युत तार, बालिका झुलसी, गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन
अमरोहा/ उझारी, अमृत विचार। उच्चशक्ति विद्युत लाइन का तार टूट कर घरों पर गिर गया। जिससे पूरे मोहल्ले में हाहाकार मच गया। तार की चपेट में आकर बालिका झुलस गई। लोगों ने भाग कर जान बचाई। वहीं गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। उन्होंने पूर्व में रहे जेई ने पर आरोप …
अमरोहा/ उझारी, अमृत विचार। उच्चशक्ति विद्युत लाइन का तार टूट कर घरों पर गिर गया। जिससे पूरे मोहल्ले में हाहाकार मच गया। तार की चपेट में आकर बालिका झुलस गई। लोगों ने भाग कर जान बचाई। वहीं गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। उन्होंने पूर्व में रहे जेई ने पर आरोप लगाया कि विद्युत लाइन घरों के ऊपर से हटाने के लिए रिश्वत भी दी थी लेकिन नतीजा शून्य ही रहा।
मामला नगर पंचायत उझारी हसनपुर संभल मार्ग पर स्थित नई बस्ती का है। मोहल्ला नई बस्ती के घरों के ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे विद्युत लाइन का तार टूट अचानक टूटकर घरों पर गिर गया। जैसे ही जगदीश पुत्र मुरारीलाल के घर पर तार गिरा तो परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बमुश्किल लोगों ने अंदर भाग कर जान बचाई।
इस दौरान मुरारीलाल की 10 वर्षीय पोती अंशुका पुत्री चरण सिंह विद्युत की चपेट में आकर झुलस गई। बच्ची को नगर के एक चिकित्सा के यहां भर्ती कराया गया। लोगों ने बिजली घर फोन कर तार टूट जाने की सूचना दी। कुछ देर बाद सप्लाई काट दी गई। शनिवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नई बस्ती के लोगों कहना है कि ऐसा कोई दिन नहीं होता है जिस दिन लोगों के ऊपर मौत का खतरा ना मंडला रहा हो।
हर वक्त लोगों को मौत के मुंह से निकलना पड़ता है। जगदीश पुत्र नरेंद्र ने बताया कि कई बार लाइट के तार हटाने के लिए आला अधिकारियों से शिकायत की गई है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। विद्युत लाइट के तार हटाने के लिए समाधान दिवस में भी शिकायत की गई, थाना सैद नगली में भी शिकायतें पत्र दिया गया था। लेकिन आज तक किसी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
नरेंद्र ने बताया कि पूर्व में उझारी बिजली घर पर तैनात जेई जितेंद्र कुमार से भी उन्होंने हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए कहा था, तो जेई रिश्वत की मांग की थी। जिस पर मोहल्ले वासियों ने चंदा करके जेई को रिश्वत दी थी। लेकिन उसके बाद भी तार नहीं हटवाए थे। कुछ दिन बाद उनका ट्रांसफर दूसरी जगह हो गया। मोहल्ले वासियों ने प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द विद्युत हाईटेंशन लाइन के तार हटाने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से जगदीश , नरेंद्र, चरण सिंह, राजू, गजेंद्र, विजय, देवराज, सीमा, मिथिलेश, सूरजमुखी, विशाल, कुलदीप, मामराज, अंकित, संजय, कुंवर पाल आदि लोग मौजूद रहे। जब इस संबंध में पूर्व जेई जितेंद्र कुमार से बात करना चाही तो संपर्क नहीं हो सका।
