संभल : हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से मां की मौत, बेटा झुलसा
संभल/असमोली/ओवरी,अमृत विचार। विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांव में लोग कच्चे घरों में रहने को मजबूर हैं। सेदरी बटुआ गांव में कच्चे मकान में रहने वाली 40 वर्षीय महिला को उस वक्त करंट लगा गया, जब वह गांव के तालाब के पास से घर की लिपाई के लिए ढांग से मिट्टी निकालने जा रही थी। तालाब …
संभल/असमोली/ओवरी,अमृत विचार। विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांव में लोग कच्चे घरों में रहने को मजबूर हैं। सेदरी बटुआ गांव में कच्चे मकान में रहने वाली 40 वर्षीय महिला को उस वक्त करंट लगा गया, जब वह गांव के तालाब के पास से घर की लिपाई के लिए ढांग से मिट्टी निकालने जा रही थी। तालाब के ऊपर से जा रही 11 हजार की जर्जर लाइन का तार टूटने से महिला को करंट लगा। महिला के साथ गए बेटे ने मां को बचाने का प्रयास किया तो वो भी झुलस गया।
तारों के बीच घिरे बेटे के शोर मचाने पर बैलगाड़ी से मिट्टी लेने पहुंचे गांव के ही एक युवक ने दोनों को तारों से बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सैदरी गांव निवासी श्यामवीर सिंह की पत्नी 40 वर्षीय अनीता अपने बेटे अनुज के साथ रविवार की सुबह 8 बजे घर के आंगन व चूल्हे की लिपाई-पुताई के लिए गांव के बाहर स्थित एक तालाब के पास से मिट्टी लेने के लिए गई थी।
तालाब से मिट्टी खोदते समय अचानक ऊपर से हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर महिला पर गिर गया, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। साथ गया बेटा अनुज भी मां को बचाने के चक्कर में करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से अनुज की चीख निकल पड़ी। अनुज के चीखने पर तालाब से मिट्टी लेने गए गांव के ही दीनदयाल ने तारों के बीच घिरे मृतक महिला व उसके बेटे को बाहर निकाला।
शोर-शराबे की आवाज सुन आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान व लोगों के साथ महिला के परिजन वहां पहुंच गए। घटना के लिए लोग बिजली विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार बता रहे हैं। उनका कहना है कि तार काफी जर्जर थे। एक खंभे से दूसरे खंबे की दूरी अधिक थी। इसके बावजूद दूसरा खंभा नहीं लगाया और हादसा हो गया। वहीं, बिजली से झुलसे अनुज का घर पर ही घरेलू उपचार किया जा रहा है। महिला की मौत की जानकारी बाद भी बिजली विभाग से तार ठीक करने मौके पर नहीं पहुंचा।
तारों के जर्जर होने की तो जानकारी है। इन तारों का स्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। यह बात भी सही है। इसमें बिजली विभाग की लापरवाही है। अमरीन यादव, एसडीओ, असमोली
