सीतापुर: पुलिस के काम नहीं आया क्राइम मीटिंग में पढ़ाया पाठ, हो गईं सिलसिलेवार लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। एसपी आरपी सिंह ने एक दिन पूर्व ही क्राइम मीटिंग के जरिए मातहतों को जिले में अपराध पर नियंत्रण करने का सबक पढ़ाया था, इसके बाद भी शायद मातहतों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। जिसके नतीजे में लहरपुर व रेउसा इलाके में डकैती और चोरी की कई वारदातों ने पुलिस की फजीहत करा …

सीतापुर। एसपी आरपी सिंह ने एक दिन पूर्व ही क्राइम मीटिंग के जरिए मातहतों को जिले में अपराध पर नियंत्रण करने का सबक पढ़ाया था, इसके बाद भी शायद मातहतों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। जिसके नतीजे में लहरपुर व रेउसा इलाके में डकैती और चोरी की कई वारदातों ने पुलिस की फजीहत करा दी। लहरपुर कोतवाली इलाके में एक ही रात में तीन घरों में डकैती, एक घर में चोरी और एक घर में चोरी के प्रयास सहित सिलसिलेवार पांच वारदातें अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनाैती दे डाली। रेउसा इलाके में एक बैंक में चोरी का प्रयास किया। हालांकि इन घटनाओं की खबर पाकर पुलिस अधिकारियों ने जांच पड़ताल की है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने का दावा भी किया है।

डकैती की तीन, चोरी और चोरी के प्रयास की दो वारदातों से लहरपुर में सनसनी

लहरपुर कोतवाली इलाके में बेखौफ डकैतों ने तीन घरों में डकैती, एक घर में चोरी और एक घर में चोरी का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक लहरपुर इलाके के टांडा सालार गांव निवासी रामेश्वर दयाल व राजेश्वर दयाल रविवार को हरगांव में अपने एक रिश्तेदार की अंतेष्टि में परिवार सहित गए थे। इन दोनों भाइयों के घरों में ताला लगा था। मौका पाकर रात को चोरों ने यहां धावा बोल दिया। जिसके बाद चोरों ने इन दोनों भाइयों के घरों, कमरों, अलमारियों के ताले तोड़ कर जेवर, नकदी सहित करीब छह लाख का माल बटोर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को बताया गया।

इस घटना के बाद इसी मोहल्ले के निवासी सुखदेव रात को लघुशंका करने निकला था। उसने बताया कि जब वह घर के पड़ोस था, तभी उसे कई संदिग्ध लोग दिखाई दिए। यह लोग हेलमेट व मुंह पर मास्क लगाए थे। उसने इन लोगों को टोका तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। जब उसने शोर मचाया तो उसकी मां घर से बाहर निकली। उसकी मां के निकलते ही बदमाशों ने उसको झपट लिया और कान के बाले लूट लिए। शोरगुल सुनकर जब मोहल्ले के अन्य लोग दौड़े तो बदमाश कई राउंड फायर करते हुए भाग निकले। इसके बाद शाहकुलीपुर निवासी शमीम के घर बदमाशों ने घुसने की कोशिश की, लेकिन शमीम के घर के लोग जाग रहे थे। उनके टोकने पर बदमाश भाग निकले।

लूट व चोरी का सिलसिला यहीं पर नहीं थमा। इसके बाद बदमाशाें ने यहीं के मोहम्मद आलम के घर धावा बोल दिया। आलम के घर घुसते ही बदमाशों ने उसके पिता पर तमंचा तान दिया। उनको निशाने पर लेने के बाद डकैतों ने उसके घर से 50 हजार के जेवर करीब दो हजार की नकदी व मोबाइल आदि लूट लिया। इस घटना के अलावा डकैतों ने यहीं के रामपाल के घर को निशाना बनाया। रामपाल के घर के लोगों को बंधक बनाकर डकैतों ने 18 हजार की नकदी, जेवर सहित एक लाख से अधिक का माल लूट लिया। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले।

छावनी में तब्दील रहा इलाका, तीन घंटे तक माथा-पच्ची करते रहे एसपी व अन्य अफसर

डकैती और चोरी की सिलसिलेवार हुई वारदातों से पूरा लहरपुर कस्बा सिहर उठा। इन घटनाओं से पुलिस अफसर भी सकते में आ गए। जैसी ही इन घटनाओं की खबर मिली, वैसे ही एएसपी, कई सीओ सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, फिंगर प्रिंट टीम ने भी मौके पर गहनता से जांच पड़ताल की। एसपी आरपी सिंह स्वंय मौके पर पहुंचे। एसपी ने स्वयं काफी देर तक घटना स्थल पर जांच पड़ताल की। उसके बाद काफी देर तक लहरपुर कोतवाली में बैठक कर मातहत अफसरों व कर्मियों के साथ एसपी ने माथा-पच्ची की। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी। लेकिन एसपी आरपी सिंह का दावा है कि कार्रवाई चल रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

18 साल पूर्व डकैती में ही मारा जा चुका है रामपाल का भाई

डकैतों ने जिस रामपाल के घर रात को डकैती डाल कर एक लाख से अधिक का माल लूटा है, उसके घर में कई साल पूर्व में भी डकैती की वारदात हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि रामपाल के घर करीब 18 साल पूर्व डकैती पड़ी थी। तब डकैतों ने रामपाल के भाई को मार डाला था। इस घटना के जवाब में उसी रात ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को भी पीट कर मार दिया था। रामपाल के घर हुई घटना से परिवार के लोग सहमे हुए हैं।

आर्यावर्त बैंक में  चोरी का प्रयास

बैंक में सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली का फायदा उठाकर थाना रेउसा इलाके में स्थित आर्यावर्त बैंक शाखा किशोरगंज में दुस्साहसिक चोरों ने रविवार की रात नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश सफल नहीं हो पाए। क्षेत्र के ग्राम रमुवापुर निवासी महेंद्र सिंह के किराए के मकान में संचालित आर्यावर्त बैंक शाखा किशोरगंज में शनिवार व रविवार दो दिनों के अवकाश के बाद सोमवार को जब बैंक कर्मी अपने समय पर बैंक शाखा पहुंच कर ताला खोल कर अंदर पहुंचे तो, बैंक के अंदर का नजारा देख कर दंग रह गए। बैंक शाखा की दक्षिणी दीवार में नकब लगी हुई थी। स्ट्रांग रूम का ताला भी टूटा हुआ देख शाखा प्रबंधक सोनू सिंह सहित अन्य कर्मियों के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई।

 

संबंधित समाचार