पीलीभीत: सपा में ऑडियो विवाद गहराया, जिलाध्यक्ष से इस्तीफा मांगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। समाजवादी आंदोलन के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाने के लिए सपाई एकजुट हुए थे। जयप्रकाश नारायण की फोटो पर माल्यार्पण किया गया और उसके बाद जिलाध्यक्ष और सपा नेता के बीच बातचीत के वायरल ऑडियो का मुद्दा गरमा उठा। कार्यकर्ताओं ने वायरल ऑडियो में विवादित बोल को लेकर जिला अध्यक्ष …

पीलीभीत, अमृत विचार। समाजवादी आंदोलन के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाने के लिए सपाई एकजुट हुए थे। जयप्रकाश नारायण की फोटो पर माल्यार्पण किया गया और उसके बाद जिलाध्यक्ष और सपा नेता के बीच बातचीत के वायरल ऑडियो का मुद्दा गरमा उठा। कार्यकर्ताओं ने वायरल ऑडियो में विवादित बोल को लेकर जिला अध्यक्ष को घेरना शुरू किया। एक वरिष्ठ सपा नेता ने तो जिलाध्यक्ष से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग कर डाली। हाईकमान द्वारा चुने जाने का हवाला देकर जिलाध्यक्ष ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को साधा। नतीजतन तीन घंटे चले कार्यक्रम में अधिकांश समय आरोप-प्रत्यारोप के बीच ही गुजर गया।

एक सप्ताह से सपा के भीतर चल रही गुटबाजी सोशल मीडिया वार के रूप में उजागर हो रही है। जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा और सपा नेता प्रदीप सोनकर के बीच की हुई बातचीत के तीन ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। एक दिन पहले एक पूव मंत्री के ब्लॉक प्रमुख रह चुके भाई ने अपनी फेसबुक आईडी पर ऑडियो अपलोड करते हुए इसे विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे की साजिश का पर्दाफाश तक बता दिया था। इसे लेकर दिग्गजों के दो गुटों के बीच चल रही खींचतान चर्चा का विषय बनी हुई थी। सोमवार को नकटादाना चौराहा पर सपा कार्यालय में जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाने को सपाई जुटे थे।

सर्वप्रथम उनके चित्र पर पुष्पांजलि कर याद किया गया। उसके बाद मासिक बैठक शुरू की गई। मगर, इस बैठक में तय किए गए मुद्दों पर चर्चा अधूरी रह गई और सिलसिलेवार वायरल हो रहे ऑडियो का मुद्दा छाया रहा। किसी ने ऑडियो वायरल करने वालों को गलत बताया। तो कोई वायरल ऑडियो में हुई बड़े नेताओं को लेकर बातचीत को गलत ठहराया। बताते हैं कि वरिष्ठ सपा नेता ने नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाध्यक्ष से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग कर दी। कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इसे सही ठहराया। फिर जिलाध्यक्ष ने अपनी बात रखी। संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव की तैयारियों पर ध्यान देने की बात कही। जिसके बाद मामला शांत हो सका। इसके बाद मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम, बूथ कमेटियां तैयार करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई।

भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना
सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि इस समय आपातकाल से भी बुरा दौर है, तर्क और सवालों पर सरकार का पहरा है। जनता रोज-रोज बढ़ती मंहगाई से त्रस्त है। उद्योग, व्यापार, धंधे, रोजगार लगातार घट रहे हैं, आर्थिक आय में भी कमी आयी है। इस मौके पर कुलदीप सिंह भुल्लर, पूर्व ब्लाक प्रमुख अरूण वर्मा, महिला सभा जिलाध्यक्ष कमलेश परिहार, अमित पाठक, जिपं सदस्य असलम जावेद अंसारी, पूर्व जिपं सदस्य रियाज खान आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार