बरेली: हुलासनगरा के अधूरे ओवरब्रिज पर रेलमंत्री सख्त, जीएम तलब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सालों से खींचतान और लापरवाही में फंसे सीतापुर-बरेली हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के अब जल्द बनने की उम्मीद दिख रही है। लखनऊ तक अनदेखी होने के बाद व्यापारियों ने मामला दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के समक्ष उठाया। व्यापारियों ने बताया कि …

बरेली, अमृत विचार। सालों से खींचतान और लापरवाही में फंसे सीतापुर-बरेली हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के निर्माणाधीन ओवरब्रिज के अब जल्द बनने की उम्मीद दिख रही है। लखनऊ तक अनदेखी होने के बाद व्यापारियों ने मामला दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के समक्ष उठाया। व्यापारियों ने बताया कि हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग का जाम कारोबार को प्रभावित कर रहा है। राहगीरों का निकलना मुश्किल ही नहीं, एक तरह से जीवन नरक बन गया है। तब राजेश अग्रवाल ने हुलासनगरा ओवरब्रिज के निर्माण समेत अन्य मामले को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। रेलमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेलवे के जीएम को बड़ोदरा हाउस में बुलाकर ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए।

बता दें, रेलवे की बेपरवाही से हुलासनगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होने पर जब लंबे समय बाद अफसरों ने सुध नहीं ली तो रविवार को उप्र उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल रेलमंत्री से मिलने दिल्ली पहुंचा था। लेकिन, रेल मंत्री से मुलाकात नहीं होने पर व्यापारियों को राजेश अग्रवाल को ज्ञापन देकर लौटना पड़ा था। प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि ज्ञापन के जरिए हुलासनगरा क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का तेजी से निर्माण कराने की मांग की गई थी।

ज्ञापन में कहा गया था कि पहले से बने गार्डर को रेलवे की एक टीम फेल कर चुकी है। अब दोबारा नए गार्डर तैयार हो रहे हैं। कुछ कामों की स्वीकृति रेलवे अफसरों को देनी है। रेलवे इसमें दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है लिहाजा ओवरब्रिज के निर्माण में लगातार देरी हो रही है। इसकी वजह से सीतापुर-बरेली हाईवे से गुजरने वाले लोग लगातार दिक्कतें झेल रहे हैं। सोमवार को व्यापारियों की मांग को लेकर राजेश अग्रवाल ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इसके बाद जीएम को दिए निर्देश से अब ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

संबंधित समाचार