रामपुर: खेल प्रतियोगिता में हारने के बावजूद जीत गया वसीम
रामपुर, अमृत विचार। हजरपुर स्थित कंपोजिट स्कूल घाटमपुर का छात्र वसीम दोनों हाथ कटने के बावजूद दौड़ में चौथे स्थान पर आने के बावजूद जीत गया है। पढ़ने में मेधावी वसीम पांव में पेंसिल फंसाकर लिखता है और पढ़ाई-लिखाई के बल पर अपना और अपने वतन का नाम रोशन करना चाहता है। तहसील टांडा के …
रामपुर, अमृत विचार। हजरपुर स्थित कंपोजिट स्कूल घाटमपुर का छात्र वसीम दोनों हाथ कटने के बावजूद दौड़ में चौथे स्थान पर आने के बावजूद जीत गया है। पढ़ने में मेधावी वसीम पांव में पेंसिल फंसाकर लिखता है और पढ़ाई-लिखाई के बल पर अपना और अपने वतन का नाम रोशन करना चाहता है।

तहसील टांडा के ग्राम बैंजना निवासी वसीम ग्राम हजरतपुर स्थित कंपोजिट स्कूल घाटमपुर में कक्षा दो का छात्र है। वसीम का दाखिला लॉकडाउन के समय में कक्षा 1 में हुआ था। बचपन में छत पर हाई वोल्टेज की लाइन से टच होने के कारण उसके दोनों हाथ जल गए थे। वसीम की जान बचाने के लिए डाक्टरों को उसके दोनों हाथ काटने पड़े थे और बमुश्किल उसकी जान बची थी।
वसीम के भीतर पढ़ने का इतना जज्बा है कि लॉकडाउन के समय में भी अपना होमवर्क करके व्हाट्सएप पर अपने शिक्षकों को इस के पिता जी भेजा करते थे। विद्यालय में वसीम के दो भाई भी पढ़ते हैं जो उसके शूज बांधने, पानी पिलाने, किताबों का बस्ता पीठ पर लादने में उसकी मदद करते हैं।
न्याय पंचायत सरावा की क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर की दौड़ प्रतियोगिता में यह बच्चा चौथे स्थान पर आया था, वसीम ने हार कर भी लोगों का दिल जीत लिया था। स्कूल के शिक्षक भी वसीम का पूरा ख्याल रखते हैं। वसीम शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए पाठ को पांव में पेंसिल फंसाकर कापी पर लिखता है। वसीम कहता है कि वह पढ़ लिखकर बड़ा अफसर बनना चाहता है।
