यूपी: राजस्थान में दलित हत्या पर भाजपा व बसपा का कांग्रेस पर हमला, जानें क्या कहा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजस्थान में दलित की पीट-पीटकर हुई हत्या मामले में भाजपा और बसपा ने कांग्रेस की आलोचना की है। भाजपा ने राजस्थान सरकार को जहां नर्किस्तान की संज्ञा के साथ ही कहा कि कांग्रेसी नेता अपने राज्यों को छोड़कर यूपी में राजनीतिक पर्यटन पर हैं। तो बसपा ने राजस्थान में हुई दलित की हत्या मामले …

लखनऊ। राजस्थान में दलित की पीट-पीटकर हुई हत्या मामले में भाजपा और बसपा ने कांग्रेस की आलोचना की है। भाजपा ने राजस्थान सरकार को जहां नर्किस्तान की संज्ञा के साथ ही कहा कि कांग्रेसी नेता अपने राज्यों को छोड़कर यूपी में राजनीतिक पर्यटन पर हैं। तो बसपा ने राजस्थान में हुई दलित की हत्या मामले को सुप्रीमकोर्ट द्वारा स्वत: संज्ञान लेने की बात कही। गौरतलब है कि राजस्थान के सूरतगढ़ क्षेत्र में दलित युवक जगदीश मेघवाल की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी थी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि जो सत्ता में रहने के लिए जनता को लूटने के लिए नौकरियों के नाम पर वसूली के लिए झोला लेकर निकलते थे अब अपने खत्म हो चुकी सियासत व इकबाल को बचाने के लिए एसी रथ लेकर निकले हैं। पार्टी के नाम पर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी चलाने वाले ये चेहरे आज भी युवराज-महाराजा की मानसिकता में ही जी रहे हैं, जबकि जनता ने परिवारवाद, भ्रष्टाचारवाद और सामंतवाद की राजनीति को खारिज कर उन्हें घर बिठा दिया है। कांग्रेसी नेताओं को राजस्थान में उन्हें दलितों पर हो रहे अत्याचार, छत्तीसगढ़ में आदिवासियों का शोषण नहीं दिखता।

कांग्रेस ने राजस्थान को बनाया दलितों का ‘नर्किस्तान’ : बृजलाल

भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने वीरों की धरती राजस्थान को दलित समुदाय के नर्किस्तान बना दिया है। सूबे के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान करती रही है। कांग्रेस एक भी ऐसा उदाहरण नहीं दे सकती है जिससे यह पता चले कि वह दलितों कल्याण की समर्थक रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में दलित समुदाय के लोगों के साथ लिंचिंग जैसी घटनाएं हो रही हैं। राहुल, सोनिया, प्रियंका ही नही, अखिलेश यादव और नवजोत सिद्धू कोई भी राजस्थान के बारे में बात नही कर रहा है।

राजस्थान में दलित की हत्या का स्वत: संज्ञान ले सुप्रीम कोर्ट : मायावती

राजस्थान में हाल ही में दलित युवक की पीट पीट कर की गयी हत्या के मामले पर कांग्रेस की चुप्पी की आलोचना करते हुये बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि लखीमपुर हिंसा मामले की तरह उच्चतम न्यायालय अगर राजस्थान की घटना पर स्वत: संज्ञान लेता है तो बेहतर होगा। मायावती ने मंगलवार को ट्वीट किया “ कांग्रेस शासित राजस्थान की ताज़ा घटना में एक दलित की पीट-पीट निर्मम हत्या की चर्चा व उसकी निन्दा पूरे देश भर में हुई किन्तु कांग्रेस का नेतृत्व न केवल खुद चुप ही रहा बल्कि अपने दलित नेताओं के भी बोलने पर पाबन्दी लगाकर उनकी जुबान बंद कर दी है, यह शर्मनाक।” बसपा सुप्रीमो ने कहा “ यही कारण है कि राजस्थान के इस हत्याकाण्ड के सम्बंध में तीन दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे पीड़ित परिवार को सरकार से न्याय मिलने की संभावना कम ही लगती है। अतः यूपी के लखीमपुर खीरी की तरह ही इस मामले का भी मा. सुप्रीम कोर्ट अगर स्वतः संज्ञान ले तो बेहतर।”

संबंधित समाचार