बरेली: गेट तोड़कर घुसे छात्र, कर्मचारी को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में मंगलवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। फार्म जमा करने के दौरान छात्र गेट तोड़कर कर्मचारी के कक्ष में घुस गए और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि छात्रों ने कैश भी लूट लिया। हंगामा करने का आरोप एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर लगा है। वहीं एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने …

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में मंगलवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। फार्म जमा करने के दौरान छात्र गेट तोड़कर कर्मचारी के कक्ष में घुस गए और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि छात्रों ने कैश भी लूट लिया। हंगामा करने का आरोप एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर लगा है। वहीं एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी पर रुपये मांगने व बदतमीजी करने का आरोप लगाया है।

कर्मचारी सूर्य प्रकाश शर्मा उर्फ सूर्या की शिकायत पर प्राचार्य डा. अनुराग मोहन व चीफ प्राक्टर वंदना शर्मा ने बारादरी थाना में रिपोर्ट भेज दी है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि दो दिन में छात्रों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं हुई तो वह कॉलेज बंद करेंगे। वहीं एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी प्राचार्य को कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा है। वहीं अन्य छात्र संगठनों ने भी कार्रवाई न होने पर कॉलेज बंद कराने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक छात्र काउंटर पर प्रवेश फार्म व शुल्क जमा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र काउंटर कक्ष में अंदर घुसकर फार्म जमा करने का प्रयास करने लगे। वहां पर तैनात कर्मचारी ने छात्रों से कहा कि अन्य छात्र लाइन में लगे हैं। इसलिए वह भी लाइन में लगकर फार्म जमा करें। आरोप हैं कि इस पर छात्रों ने खुद को संगठन का बताकर बदतमीजी शुरू कर दी। जब कर्मचारी ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी।

कर्मचारी का आरोप है कि छात्रों ने काउंटर में रखी नकदी भी लूट ली। उसके बाद कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया। छात्र प्राचार्य अनुराग मोहन के पास शिकायत करने पहुंचे। इस पर कर्मचारी भी आ गए। वहां भी आपस में भिड़ गए। इसी दौरान छात्र वहां से चले गए। कर्मचारी सूर्या की ओर से अज्ञात छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए प्राचार्य से शिकायत की। जिसे प्राचार्य व चीफ प्रॉक्टर ने बारादरी थाना में फारवर्ड कर दिया। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के पदाधिकारियों ने भी प्राचार्य को ज्ञापन देकर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कॉलेज में बीकॉम का फॉर्म जमा करने के लिए गए छात्र के साथ कार्यालय में बैठे कर्मचारी ने अवैध शुल्क जमा करने को कहा। जब शुल्क देने से मना किया तो कर्मचारी ने अभद्रता की। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए प्राचार्य से शिकायत की। यहां पर कर्मचारी आ गए और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस को लेकर महानगर मंत्री हर्ष अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन दिया और मांग की कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विभाग संगठन मंत्री अमित भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यार्थी का अपमान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि कॉलेज प्रशासन के द्वारा कार्यवाई नहीं की जाती है तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी| इस अवसर पर महानगर कार्यसमिति सदस्य श्रेयांश बाजपेई, प्रशांत देवल, अमन सिंह तोमर, शिवम सक्सेना, अनिकेत शर्मा, निखिल राजपूत, निखिल गंगवार, यश चौधरी, ऋ षभ शर्मा, शिमोन मार्टिन, सक्षम सिंह, राम बाबू, आदित्य सक्सेना, आशु, अर्पित, आशु भारती, पीयूष कश्यप अन्य मौजूद रहे।

संबंधित समाचार