बरेली: डेंगू का फैला डंक, एक दिन में 27 मरीज मिले
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू और मलेरिया तेजी से पांव पसार रहे हैं। गुरुवार को डेंगू के मामलों में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है। जिले में गुरुवार को 27 मरीज डेंगू से ग्रसित मिले हैं। अब तक डेंगू से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में मलेरिया …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू और मलेरिया तेजी से पांव पसार रहे हैं। गुरुवार को डेंगू के मामलों में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है। जिले में गुरुवार को 27 मरीज डेंगू से ग्रसित मिले हैं। अब तक डेंगू से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में मलेरिया की 170 जांचें की गर्ईं जिसमें महज एक मरीज में मलेरिया फाल्सीपेरम की पुष्टि हुई है।
विभाग ने 112 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलने पर एलाइजा जांच के लिए सैंपल लैब भेजे थे। लैब से आई रिपोर्ट में 27 मरीज डेंगू से ग्रसित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिले डाटा के अनुसार जिले में अब तक 199 मरीज डेंगू से ग्रसित मिल चुके हैं।
फैक्ट फाइल
- 1229818 घरों में किया जा चुका सर्वे
- 15228 घरों में मिल चुका डेंगू का लार्वा
- 1551381 घरों के कंटेनर यानि कूलर, पानी के टैंक आदि की हुई जांच
- 21104 घरों के कंटेनर्स में मिला डेंगू का लार्वा
डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 27 मरीज डेंगू से ग्रसित मिले हैं, लोग डेंगू और मलेरिया के लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। -डा. बलवीर सिंह, सीएमओ
महिला अस्पताल में मरीजों की सेहत से खिलवाड़
नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टेंडर्ड यानि एनएक्यूएस क्वालीफाइड जिला महिला अस्पताल में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा हैं। यहां इमरजेंसी गेट पर सीवर चोक होने के चलते पिछले दो दिनो से गंदा पानी भरा हुआ है। लेकिन अफसरों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हैरत की बात यह है कि इस पानी में मच्छर का लार्वा पनप रहा है।
ऐसे में मरीजों में मलेरिया फैलने का डर बना हुआ है। इस संबंध में जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डा. अलका शर्मा ने बताया कि प्राइम क्लीनिंग स्टाफ को सुबह ही सीवर को साफ करने के आदेश दिए गए थे। अगर ऐसा नहीं किया गया है तो संबंधित सुपरवाइजर से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
