बरेली: गन्ने के खेत में बेहोश मिली युवती, दुष्कर्म का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। एक गांव में घर में सो रही युवती को दो लोगों ने अपहरण कर लिया। सुबह युवती गांव में ही गन्ने के खेत में बेहोश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं लड़की की मां ने आरोपियों पर नशा देकर बेटी के साथ दुष्कर्म करने व …

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। एक गांव में घर में सो रही युवती को दो लोगों ने अपहरण कर लिया। सुबह युवती गांव में ही गन्ने के खेत में बेहोश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं लड़की की मां ने आरोपियों पर नशा देकर बेटी के साथ दुष्कर्म करने व बेहोशी अवस्था में गन्ने के खेत में फेंककर भाग जाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

महिला ने बताया कि उसके पति की तीन साल पहले मृत्यु हो चुकी है। पीड़िता घर में बेटी व बेटे के साथ रहती है। बुधवार को घर के सामने ही धार्मिक स्थल पर नवरात्रि के उपलक्ष्य में भजन कीर्तन हो रहे थे। मां-बेटी कीर्तन में शामिल होने गए हुए थे। देर रात तक परिवार कीर्तन में शामिल रहा। इसके बाद वहां से लौट कर अपने घर को पहुंच गए। रात में बेटी अपने भाई के पास सो रही थी। तभी रात में किसी वक्त गांव के ही अज्ञात लोग उनकी बेटी को उठाकर ले गए।

जब भाई की आंख खुली तो उसने देखा कि पास की चारपाई पर बहन नहीं है। उसने यह बात अपनी मां को बताई। इसके बाद मां व अन्य परिजन युवती को को खोजने में लग गए। रात भर खोजबीन के दौरान कुछ पता नहीं चला। सुबह होने पर किसी ने सूचना दी कि गांव के पास बने स्कूल के सामने गन्ने के खेत में एक लड़की बेहोश अवस्था में पड़ी हुई है। परिजनों ने जाकर देखा तो वहां उनकी पुत्री बदहवास पड़ी हुई थी। उसके गले में दुपट्टे का फंदा भी लगा हुआ था।

परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसपर फतेहगंज पूर्वी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और लड़की को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उपचार के दौरान जब लड़की की हालत स्थिर हुई तो उसने बताया कि दो अज्ञात लोगों ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसका अपहरण कर लिया था। जिसके बाद उसे होश नहीं रहा। पीड़िता की मां ने पुलिस को दुष्कर्म की तहरीर दी।

लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने की खेत में बेहोश मिली थी। सूचना मिलने पर फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। – आर के मिश्रा, सीओ

संबंधित समाचार