जम्मू कश्मीर: गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बना रहे आतंकी, सुरक्षा को लिया गया ये अहम फैसला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य को घायल कर दिया। कश्मीर जोन पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, ”कुलगाम के वानपोह इलाके में आतंकवादियों ने गैर स्थानीय मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस आतंकवादी घटना में दो गैर …

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य को घायल कर दिया। कश्मीर जोन पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, ”कुलगाम के वानपोह इलाके में आतंकवादियों ने गैर स्थानीय मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस आतंकवादी घटना में दो गैर स्थानीय लोग मारे गए और एक घायल हो गया।” इसमें कहा गया है कि पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।

अधिकारियों के मुताबिक आतंकवादी मजदूरों के किराए के मकान में घुस गए और उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में 24 घंटे से भी कम समय में गैर-स्थानीय मजदूरों पर यह तीसरा हमला है। बिहार के एक रेहड़ी-पटरी वाले और उत्तर प्रदेश के एक बढ़ई की शनिवार शाम को आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

नागरिकों की हत्याओं के बीच, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवादियों और उनके समर्थकों को निशाना बनाकर उनके खून की एक-एक बूंद का बदला लेने की प्रतिबद्धता जाहिर की। सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की शांति और सामाजिक-आर्थिक प्रगति और लोगों के व्यक्तिगत विकास को बाधित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के तेजी से विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। सिन्हा ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘आवाम की आवाज’ में कहा, ”मैं शहीद नागरिकों को अपनी श्रद्धांजलि देता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हम आतंकवादियों, उनके हमदर्दों को निशाना बनायेंगे और निर्दोष नागरिकों के खून की हर बूंद का बदला लेंगे।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने हत्याओं की निंदा करते हुए कहा कि यह ”नरसंहार के अलावा कुछ नहीं” है। उन्होंने कहा, ”गैर-स्थानीय लोगों की हत्या अमानवीय के अलावा और कुछ नहीं है और आतंकवादियों की हताशा को दर्शाती है।”

गैर स्थानीय मजदूरों को तत्काल नजदीकी सुरक्षा शिविरों में स्थानांतरित करें: जम्मू-कश्मीर पुलिस
दो और गैर स्थानीय लोगों की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने सभी जिला प्रमुखों से कहा कि वे गैर स्थानीय मजदूरों को एकत्र करें और ‘तत्काल’ उन्हें नजदीकी सुरक्षा शिविरों में लाएं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह कदम आतंकवादियों द्वारा दो मजूदरों की हत्या करने और दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में एक अन्य को गंभीर रूप से घायल करने के बाद उठाया गया है।

सभी जिला पुलिस प्रमुखों को भेजे संदेश में पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर रेंज) विजय कुमार ने कहा, ” आपके न्यायाधिकार क्षेत्र में रह रहे सभी गैर स्थानीय मजदूरों को तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या केंद्रीय अर्धसैनिक बल या सेना के प्रतिष्ठानों में लाया जाना चाहिए।” संदेश में कहा गया, ”यह मामला अति आवश्यक है।”

संबंधित समाचार