सीतापुर: दिनदहाड़े घर में घुसकर बदमाशों ने महिला के लूटे जेवर, विरोध पर चाकू से किया हमला
सीतापुर। शहर से सटे रामकोट इलाके की यादव कालोनी खूबपुर में गुरुवार दिनदहाड़े एक घर में घुस कर बेखौफ लुटेरे ने एक शिक्षक की मां से करीब सवा लाख के जेवर लूट लिए और विरोध करने पर चाकू से वार कर जख्मी कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जख्मी महिला का निजी …
सीतापुर। शहर से सटे रामकोट इलाके की यादव कालोनी खूबपुर में गुरुवार दिनदहाड़े एक घर में घुस कर बेखौफ लुटेरे ने एक शिक्षक की मां से करीब सवा लाख के जेवर लूट लिए और विरोध करने पर चाकू से वार कर जख्मी कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जख्मी महिला का निजी अस्पताल भेजा गया है। खबर पाते ही एसओ रामकोट सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने जांच पड़ताल की है, लेकिन अभी तक लुटेरे का पता नहीं चला।
पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। रामकोट इलाके के खूबपुर यादव कालोनी निवासी शिक्षक सुनील कुमार के घर में गुरुवार की दोपहर उनकी मां सावित्री देवी अकेली थीं। बताते हैं कि करीब 12 बजे सावित्री घर से कूड़ा डालने के लिए बाहर निकलीं। इस बीच पहले से घात लगाए मौजूद बदमाश घर के अंदर दाखिल हो गया। जब सावित्री कूड़ा डाल कर वापस घर पहुंची तो वहां मौजूद बदमाश ने हमला कर दिया। उसने गले से सोने की चेन व कान के बाले नोच लिए। साथ ही उसने अंगूठी भी निकाल ली।
इस बीच विरोध करने पर बदमाश ने सावित्री पर चाकू से कई वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकला। पीड़ता का शोर सुनकर लोग दौड़े। घटना से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग दहशत में आ गए। फौरन पुलिस को खबर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के साथ ही पुलिस ने जख्मी महिला को इलाज के लिए भेजा है।
इस बारे में एसओ राजकुमार यादव का कहना है कि एक बदमाश घर में अकेली महिला के घर घुस गया। घर में मेज पर रखी सोने की चेन उठा ली। यह देखकर महिला ने पीछा किया तो बदमाश भाग गया। इस दौरान किसी तरह चोट लगने से महिला जख्मी हो गई है। मामले की जांच की गई है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
