बरेली: 12792.49 वर्ग मीटर भूमि की खरीद में 2.49 करोड़ की स्टांप शुल्क चोरी
बरेली, अमृत विचार। जमीनों की खरीद-फरोख्त में स्टांप शुल्क चोरी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। निबंधन कार्यालयों के कर्मचारियों की मिलीभगत से होने वाले खेल को रोकने में अधिकारी असमर्थ नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है तो वहीं स्टांप शुल्क चोरी के मामलों की …
बरेली, अमृत विचार। जमीनों की खरीद-फरोख्त में स्टांप शुल्क चोरी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। निबंधन कार्यालयों के कर्मचारियों की मिलीभगत से होने वाले खेल को रोकने में अधिकारी असमर्थ नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है तो वहीं स्टांप शुल्क चोरी के मामलों की फाइलों के ढेर दफ्तरों में बढ़ रहे हैं। अब 12792.49 वर्ग मीटर भूमि की खरीद में 2.49 करोड़ रुपये की स्टांप शुल्क चोरी का मामला सामने आया।
मामले में जिलाधिकारी नितीश कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय ने जांच शुरू करा दी है। इस मामले की जांच सहायक महानिरीक्षक निबंधन को सौंपी गयी है। उन्हें यह भी निर्देश दिए हैं कि जांच कर सात दिन में प्रकरण की आख्या अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के कार्यालय में उपलब्ध कराएं। कम स्टांप शुल्क पाए जाने पर संबंधित दोषी कर्मचाीरियों के विरुद्ध भी कार्रवाई अमल में लाएं। उन्हें महत्वपूर्ण प्रकरण को शीर्ष प्राथमिकता में लेने को कहा गया है।
सिविल लाइंस कानुपर के केन कंस्ट्रक्शन एंड कालोनाइजर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सैय्यद असद अख्तर की यहां बिहारमान नगला में अकृषकीय भूमि है। जिसका खसरा नंबर 446 से लेकर 458 तक है। कुल रकवा 1.279249 हेक्टेयर है। वर्ग मीटर में 12792.49 वर्ग मीटर भूमि है। उन्होंने अपनी संपूर्ण भूमि का मेगा क्वालिटी प्रोजेक्ट्स एलएलपी के प्रबंधक कपिल अग्रवाल निवासी साहूकारा के हक में बैनामा किया है।
चार बार में चार बैनामे कराए गए। आरोप है कि भूमि खरीद में 24945270 रुपये के कम स्टांप लगाए गए हैं। इस तरह स्टांप शुल्क की चोरी करने का आरोप है। इस प्रकरण में आगरा जनपद के चंदननगर निवासी अर्पित पुत्र विक्रय कुमार ने शिकायत जिलाधिकारी के यहां की। 6 अक्टूबर को शिकायत की गयी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच करायी जा रही है।
बरेली मंडल में स्टांपवादों की स्थिति (सितंबर माह तक)
- 376 स्टांपवाद बरेली के
- 288 स्टांपवाद बदायूं के
- 335 स्टांपवाद शाहजहांपुर के
- 458 स्टांपवाद पीलीभीत के
