बिजनौर : वसूली का आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। नगर के नूरपुर मार्ग स्थित शकुंतला महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर टैबलेट व स्मार्टफोन के रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने नूरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने छात्र-छात्राओं को …

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। नगर के नूरपुर मार्ग स्थित शकुंतला महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर टैबलेट व स्मार्टफोन के रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूली करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने नूरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

सोमवार की दोपहर महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं कॉलेज से निकल कर सामने स्थित नूरपुर मार्ग पर पहुंच गए। उन्होंने वहां पर महाविद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण योजना के रजिस्ट्रेशन में कॉलेज प्रशासन द्वारा धांधली की जा रही है।

रजिस्ट्रेशन के नाम पर प्रति विद्यार्थी दो सौ रुपये के हिसाब से उगाही की जा रही है। जो छात्र-छात्राएं रुपये देने से मना कर रहे हैं, उन्हें टैबलेट व स्मार्टफोन न मिलने की बात बोली जा रही है। विद्यार्थियों के हंगामे के चलते सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लगना शुरू हो गईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी समझाने के बाद भी विद्यार्थियों ने जाम नहीं खोला। इस पर तहसीलदार सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार समझा-बुझा कर जाम खुलवाया, तब जाकर राहगीरों ने राहत की सांस ली।

इस दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। उसमें कॉलेज में हो रही वसूली पर रोक लगाए जाने की मांग की है। उधर प्राचार्य हरगोविंद पाठक ने बताया कि आरोप निराधार हैं। पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क कराया जा रहा है। किसी से इसके लिए धनराशि नहीं ली जा रही है। इस अवसर पर विरोध करने वालों में जाग्रति सैनी, प्रीति, प्राची, अनामिका, एकता, मानसी, राशि, आरती, दिग्विजय सिंह, विशाल कुमार, विनोद कुमार, आलिया नाज व टीना आदि रहे।

संबंधित समाचार