बरेली: कुएं में मिला किसान का शव, हत्या का आरोप
बरेली, अमृत विचार। सिरौली थाना क्षेत्र में खेत से लौट रहे किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन विवाद में खेत में घेरकर हत्या के बाद शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। कहा कि घटनास्थल से उन्होंने कुछ लोगों को भागते भी …
बरेली, अमृत विचार। सिरौली थाना क्षेत्र में खेत से लौट रहे किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन विवाद में खेत में घेरकर हत्या के बाद शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। कहा कि घटनास्थल से उन्होंने कुछ लोगों को भागते भी देखा। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामनगर स्थित गणेशपुर निवासी किसान भजन लाल रविवार की देर शाम करीब 7 बजे खेत से धान लेकर घर लौट रहे थे। साथ में उनका बेटा तोताराम, नाती कुंवरपाल और ऋषिपाल, ध्योता प्रमोद व बहू जशोदा देवी भी थे। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद दूसरे नाती भूपराम ने बताया कि घर लौटते समय भजनलाल बाकी परिजनों से कुछ पीछे रह गए। इसी बीच परिजनों को पीछे कुएं में किसी भारी भरकम चीज के गिरने की आवाज आई। कुएं के पास पहुंचे तो भजनलाल का शव उतरा रहा था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही अन्य ग्रामीणों को बुलाया। सिरौली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों ने सिरौली थाने में तहरीर देकर गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजन बोले-रंजिशन की गई हत्या
परिजनों ने बताया कि भजनलाल के बेटे तोताराम की जमीन के कुछ हिस्से पर गांव के ही कुछ लोग जबरन कब्जा करने के इरादे से उसे जोत रहे थे। इसके लिए आरोपियों ने तोताराम की जमीन पर घूरा भी डालना शुरू कर दिया था। विरोध पर भजन लाल व उनके बेटे तोताराम के साथ मारपीट भी की गई। यह बात करीब 3-4 माह पहले की है।
इसी रंजिश के चलते कब्जा करने वालों ने रविवार देर शाम भजन लाल को रास्ते में घेरकर उनकी हत्या कर दी। उसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया।
