बरेली: रेलवे निरीक्षक के मकान पर किरायदारों ने किया कब्जा
बरेली, अमृत विचार। रेलवे निरीक्षक के मकानों पर दो किरायेदारों ने कब्जा कर लिया। मकान खाली करने के लिए दोनों उनसे 20 लाख रुपये या दो फ्लैट की मांग कर रहे हैं। ऐसा न करने पर जान से मारने व पत्नी-बच्चों के अपहरण की धमकी दे रहे हैं। सीओ द्वितीय से शिकायत के बाद सुभाषनगर …
बरेली, अमृत विचार। रेलवे निरीक्षक के मकानों पर दो किरायेदारों ने कब्जा कर लिया। मकान खाली करने के लिए दोनों उनसे 20 लाख रुपये या दो फ्लैट की मांग कर रहे हैं। ऐसा न करने पर जान से मारने व पत्नी-बच्चों के अपहरण की धमकी दे रहे हैं। सीओ द्वितीय से शिकायत के बाद सुभाषनगर पुलिस ने दोनों किरायेदारों व उनकी पत्नियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुभाषनगर थानाक्षेत्र के कैंट रोड स्थित विजय द्वार के पास रहने वाले पंकज सक्सेना उत्तर रेलवे में निरीक्षक हैं। उनकी तैनाती बरेली में है। उन्होंने 2016 में मां शकुंतला देवी के नाम पर अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक से लोन लेकर सुभाषनगर के सक्सेना आश्रम परिसर में दो मकान खरीदे थे। ऋण की अदायगी अभी तक चल रही है। मकान लेने के बाद वीरेंद्र कुमार अस्थाना और चंद्र प्रकाश सक्सेना उनके मकान में किराए पर रहने लगे। कुछ साल बाद ही दोनों की मौत हो गई।
इसके बाद दोनों के बेटों ने उनके मकान पर कब्जा कर लिया। काफी कहने के बाद फरवरी 2020 में आरोपी श्वेतांक अस्थाना व अनूप सक्सेना ने मोटी रकम वसूल कर कब्जा छोड़ा। इसके बाद रेलवे निरीक्षक ने भवन निर्माण शुरू करवाया तो आरोपियों ने विवाद खड़ा कर दिया। मकान पर मालिकाना हक दिखाते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी। जबकि, पुलिस व शहर लेखपाल की जांच में उनके सभी आरोप झूठे निकले। पीड़ित ने सीओ द्वितीय से मामले की शिकायत की। सीओ द्वितीय के आदेश पर सुभाषनगर पुलिस ने श्वेतांक अस्थाना, अमिताभ अस्थाना, अनूप सक्सेना, अनुज सक्सेना, मीनाक्षी अस्थाना व नीरजा अस्थाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
